जयपुर। विद्याधरनगर सेक्टर दो स्थित उत्सव सामुदायिक केन्द्र में आयोजित श्रीमद्भगवत कथा ज्ञान यज्ञ में शनिवार को भगवान कृष्ण की बाल लीलाएं हुईं। राजकुमारी शर्मा की पुण्यतिथि पर विक्रम नाथ महाराज पालवास वालों के सान्निध्य में विश्वास दरबार के तत्वावधान में आयोजित कथा में वृंदावन धाम के कथावाचक अनिल कृष्ण शास्त्री महाराज ने भजनों की स्वर लहरियों के साथ कथा श्रवण कराया।
उन्होंने कहा कि भगवान कृष्ण ने छोटी सी उम्र में ही बड़े-बड़े राक्षसों को यम लोक पहुंचा दिया। ठाकुरजी की बाल लीलाएं अंतरमन को शांति देती है। आयोजन से जुड़े विमल सोनी ने बताया कि कथा 16 जून तक प्रतिदिन अपराह्न तीन से शाम सात बजे तक होगी।
छोटी चौपड़ स्थित श्री सीताराम जी मंदिर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में शनिवार को व्यासपीठ से आशीष महाराज ने विविध प्रसंगों का रसास्वादन कराया। मुख्य रूप से रास लीला का प्रसंग हुआ। आशीष महाराज ने कहा कि रास लीला जीव और ब्रह्म का मिलन है।
श्रीमद् भागवत कथा में 121 पोथी आचार्यों ने पाठ किया। दीनानाथ जी का रास्ता स्थित श्री श्याम बिहारी मंदिर में शनिवार को श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ में व्यासपीठ से पं. अनूप जोशी ने गोपी गीत, वेणुनाद, गोपी-उद्धव संवाद प्रसंग का वर्णन किया। कथा 14 जून को भंडारे के साथ संपन्न होगी।



















