नौकरानी निकली 50 लाख की चोरी की मास्टरमाइंड: पति के साथ गिरफ्तार

0
35
Maid turns out to be mastermind behind ₹50 lakh theft; arrested along with husband.
Maid turns out to be mastermind behind ₹50 lakh theft; arrested along with husband.

जयपुर। वैशाली नगर थाना पुलिस ने ऑफिसर्स कैंपस, सिरसी रोड में हुई करीब 50 लाख रुपए की चोरी का खुलासा करते हुए पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपए कीमत के सोने और हीरे के आभूषण बरामद किए हैं। जांच में सामने आया कि घर में काम करने वाली नौकरानी ने ही अपने पति के साथ मिलकर अलमारी से जेवरात चोरी किए थे। चोरी किए गए गहनों को उसके पति ने आगे बेच दिया।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश गुप्ता के अनुसार ऑफिसर्स कैंपस, सिरसी रोड निवासी उमेश कुमार शर्मा (39) ने 6 अगस्त को वैशाली नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी पत्नी पारिवारिक कार्यक्रम में जाने के लिए अलमारी से जेवरात निकालने पहुंची तो उसमें रखे सोने-हीरे के आभूषण और 8 हजार रुपए नकद गायब मिले। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपए थी। पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

इसके बाद थानाधिकारी अरविंद सिंह शेखावत के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे 250 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्धों की पहचान की गई।

पुलिस जांच में परिवादी के घर काम करने वाली मोनिका मीणा पर संदेह हुआ। पुलिस ने 10 अगस्त को मोनिका मीणा और उसके पति विकास कुमार मीणा, हाल निवासी बुनकर कॉलोनी, खातीपुरा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली।

जांच में सामने आया कि मोनिका ने घर की अलमारी से सोने-हीरे के जेवरात चोरी किए थे। इसके बाद उसके पति विकास ने चोरी के गहनों को आगे बेच दिया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे चोरी के अन्य सामान तथा गहनों की बिक्री के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

पुलिस ने विकास कुमार मीणा (19) पुत्र लल्लू लाल मीणा, निवासी संग्रामगंज, बूंदी, हाल खातीपुरा, जयपुर तथा मोनिका मीणा (20) पत्नी विकास कुमार मीणा, निवासी झुंडवा, टोंक, हाल खातीपुरा, जयपुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मामले में बरामदगी और अन्य पहलुओं को लेकर अनुसंधान जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here