रिटायर्ड कर्नल को बंधक बनाकर 2.20 लाख की लूट कर फरार हुए नकाबपोश बदमाश

0
63

जयपुर। बगरू थाना इलाके में दिनदहाड़े एक सनसनीखेज वारदात में नकाबपोश बदमाश ने रिटायर्ड कर्नल को बंधक बनाकर 2.20 लाख रुपये लूट लिए। बदमाश ने हथियार के बल पर घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया और बुजुर्ग को बेहोश कर हाथ-पैर व मुंह बांधकर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में जुटी है।

पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि ओमेक्स सिटी बगरू निवासी 71 वर्षीय रिटायर्ड कर्नल रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे घर पर अकेले टीवी देख रहे थे। इसी दौरान एक युवक गेट खोलकर अंदर घुस आया।

उसके हाथ में चाकू था और पेंट में पिस्टल रखी हुई थी। आरोपी ने हेलमेट पहन रखा था और धमकाते हुए नकदी की मांग की। रुपये नहीं होने की बात कहने पर बदमाश ने उनका मोबाइल छीनकर तोड़ दिया और जेब से कोई पदार्थ निकालकर उन्हें सुंघा दिया, जिससे वे बेहोश हो गए।

इसके बाद आरोपी ने उसके हाथ-पैर और मुंह बांध दिए तथा कमरे की रैक में रखे 2.20 लाख रुपये निकालकर बैग में रख लिए और फरार हो गया। जहां पीड़ित को करीब ढाई घंटे बाद शाम करीब 4 बजे होश आने पर खुद को बंधक अवस्था में पाया। कमरे में सामान बिखरा हुआ था।

मुंह बंधा होने के कारण वह मदद के लिए आवाज भी नहीं लगा सके। करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद उन्होंने खुद को बंधन से मुक्त किया और पड़ोसियों को सूचना दी।

इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं और आरोपी की तलाश की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here