नगर निगम चुनाव: हर दस वार्ड पर होगा नामांकन केंद्र

0
36
Municipal Corporation Elections: There will be a nomination center for every ten wards.
Municipal Corporation Elections: There will be a nomination center for every ten wards.

जयपुर। नगर निगम चुनाव की घोषणा के साथ ही प्रत्याशियों की सक्रियता बढ़ गई है। इधर जिला निर्वाचन शाखा ने भी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। 27 अगस्त से शुरू होने वाली नामांकन प्रक्रिया के लिए जयपुर में 15 अलग-अलग नामांकन केंद्र बनाए जा रहे हैं। हर केंद्र पर 10 वार्डों के प्रत्याशी नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। केंद्र वार्डों की सीमा के नजदीक बनाए गए हैं, ताकि प्रत्याशियों और समर्थकों को कलेक्ट्रेट सहित शहर के किसी एक स्थान पर नहीं आना पड़े और भीड़ के कारण अव्यवस्था की स्थिति न बने।

जिला निर्वाचन अधिकारी (म्यूनिसिपल) संदेश नायक के अनुसार सभी 15 केंद्रों पर रिटर्निंग अधिकारी और सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे। नामांकन प्रक्रिया 27 से 31 अगस्त तक चलेगी, लेकिन इस दौरान दो दिन अवकाश होने के कारण प्रत्याशियों को पर्चा दाखिल करने के लिए सिर्फ तीन दिन मिलेंगे। 28 अगस्त को रक्षाबंधन और 30 अगस्त को रविवार होने के कारण नामांकन केंद्र बंद रहेंगे। ऐसे में 27, 29 और 31 अगस्त को ही नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे।

इन जगहों पर होंगे नामांकन केंद्र

वार्ड 1 से 10 के लिए रीको ऑफिस, रोड नंबर-5, वीकेआई, सीकर रोड; 11 से 20 के लिए राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, प्लॉट नंबर 370, वीकेआई, मुरलीपुरा; 21 से 30 के लिए नगर निगम झोटवाड़ा जोन ऑफिस, खिरणी फाटक; 31 से 40 के लिए कमला देवी बुधिया राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, हीरापुरा चौराहा, अजमेर रोड; 41 से 50 के लिए एसडीओ ऑफिस, सांगानेर और 51 से 60 के लिए पंचायत समिति ऑफिस, सांगानेर को नामांकन केंद्र बनाया गया है।

इसी तरह वार्ड 61 से 70 के लिए कमरा नंबर 45, कलेक्ट्रेट ऑफिस, बनीपार्क; 71 से 80 के लिए नगर निगम जगतपुरा जोन ऑफिस, नंदपुरी अंडरपास, मालवीय नगर; 81 से 90 के लिए नगर निगम मालवीय नगर जोन ऑफिस, विधानसभा के पास लालकोठी; 91 से 100 के लिए नगर निगम सिविल लाइंस जोन ऑफिस, शास्त्री नगर; 101 से 110 के लिए जिला परिषद ऑफिस, बनीपार्क; 111 से 120 के लिए नगर निगम किशनपोल जोन ऑफिस, घाटगेट; 121 से 130 के लिए कमरा नंबर 26, जिला कलेक्ट्रेट ऑफिस, बनीपार्क; 131 से 140 के लिए राजकीय महारानी बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, मीरा मार्ग, बनीपार्क तथा 141 से 150 के लिए नगर निगम हवामहल-आमेर जोन ऑफिस, पुराना पुलिस मुख्यालय, जलेब चौक में नामांकन केंद्र रहेगा।

निर्वाचन शाखा की ओर से सभी केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। अलग-अलग स्थानों पर नामांकन केंद्र बनाए जाने से प्रत्याशियों और समर्थकों की भीड़ को एक ही स्थान पर जुटने से रोकने तथा नामांकन प्रक्रिया को व्यवस्थित तरीके से संचालित करने में मदद मिलेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here