जयपुर। ब्रह्मपुरी माउंट रोड स्थित सिद्धपीठ श्री गणेश धाम (नहर के गणेशजी महाराज मंदिर) में 25 अगस्त को धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। श्रावण शुक्ला प्रदोष, संवत 2083 के अवसर पर होने वाले श्री रामेश्वरम संगीत समारोह एवं भंडारा प्रसादी का आयोजन महंत परिवार, गणेश परिवार एवं शिष्यगण की ओर से किया जाएगा।
आयोजन की शुरुआत सुबह 8 बजे श्री गणपति जी के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ होगी। इसके बाद श्री गणपति अथर्वशीर्ष एवं रुद्र पाठ किया जाएगा। सुबह 10 से 11 बजे तक मंदिर परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम होगा और श्रद्धालुओं को नि:शुल्क पौधों का वितरण किया जाएगा।
शाम 6 से रात 10 बजे तक भव्य भजन संध्या एवं संगीत समारोह होगा। इसमें प्रसिद्ध भजन गायक प्रस्तुतियां देंगे। समारोह में श्री डूंगरगढ़, बीकानेर के प्रसिद्ध गायक एवं संगीतज्ञ सांवरमल कथक को मंदिर परिवार की ओर से विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।
इसी दौरान संत प्रसादी के साथ श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारा आयोजित होगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजकों के अनुसार पूरा आयोजन ब्रह्मलीन परम संत सदगुरुदेव जयरामदास महाराज (फलाहारी बाबा) दादर धाम जयरामपुरा के कृपा आशीर्वाद से होगा।



















