जयपुर। आईआईएस (डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी) जयपुर में नवागंतुक विद्यार्थियों के स्वागत के लिए फ्रेशर्स कार्यक्रम ‘उड़ान 2026–द बिगिनिंग’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने रचनात्मकता, आत्मविश्वास और प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण ‘मिस फ्रेशर्स कॉन्टेस्ट’ रहा। यूजी वर्ग में यशस्वी कड़वासरा और पीजी वर्ग में मुस्कान शर्मा को मिस फ्रेशर चुना गया। परिचय और फाइनल राउंड में प्रतिभागियों ने व्यक्तित्व और प्रतिभा का प्रभावी प्रदर्शन किया।
विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर प्रो. टी.एन. माथुर ने नवागंतुक विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें शिक्षा के साथ रचनात्मक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय जीवन विद्यार्थियों को प्रतिभा पहचानने और सपनों को नई दिशा देने का अवसर देता है।
समारोह में ‘थिरक’ लोकनृत्य, समूहगान, बॉलीवुड, स्किट, सेमी-क्लासिकल, वेस्टर्न, डुएट और फ्यूजन डांस की प्रस्तुतियों ने दर्शकों की तालियां बटोरीं। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देने के साथ विश्वविद्यालय जीवन की सकारात्मक शुरुआत कराई।



















