जयपुर। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में फर्जी तबादला आदेश जारी करने का मामला सामने आया है। नर्सिंग अधिकारी दिलीप सिंह पर सिरोही से कोटपुतली-बहरोड़ तबादला करवाने के लिए खुद का फर्जी ट्रांसफर ऑर्डर तैयार करने का आरोप लगा है। मामले में जयपुर के अशोक नगर थाने में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
आरोप है कि दिलीप सिंह ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं राजस्थान के निदेशक डॉ. रवि प्रकाश शर्मा के नाम से 24 अप्रैल 2026 का फर्जी आदेश जारी किया। आदेश में निदेशक के हस्ताक्षरों की नकल कर इसे वास्तविक रूप देने का प्रयास किया गया। इसमें कोटपूतली विधायक हंसराज पटेल की अनुशंसा और विभागीय आवश्यकता का भी उल्लेख किया गया था।
फर्जी आदेश के अनुसार दिलीप सिंह, जो सिरोही जिले के ब्लॉक रेवदर स्थित पीएचसी मंदार में कार्यरत थे, उनका तबादला सीएचसी राजनोता, कोटपुतली-बहरोड़ में दर्शाया गया था। आदेश में तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश भी दिए गए थे।
मामले का खुलासा होने पर निदेशक डॉ. रवि प्रकाश शर्मा ने अशोक नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत में फर्जी दस्तावेज तैयार करने, सरकारी रिकॉर्ड से छेड़छाड़ और विभाग को गुमराह करने के आरोप लगाए गए हैं।
डीसीपी साउथ राजर्षि राज ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि फर्जी आदेश तैयार करने में किसी अन्य कर्मचारी की भूमिका तो नहीं रही। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने भी आंतरिक जांच शुरू कर दी है।



















