जिला परिषद चुनाव: पांच केंद्रों पर भरे जाएंगे नामांकन

0
37

जयपुर। पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत जयपुर जिला परिषद के 57 सदस्यों के चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया 8 अक्टूबर से शुरू होगी। जिला निर्वाचन शाखा ने वार्डवार नामांकन पत्र प्राप्त करने के लिए पांच स्थानों पर रिटर्निंग अधिकारी एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारियों की व्यवस्था की है। अभ्यर्थी 8 से 13 अक्टूबर तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। राजकीय अवकाश के दिन नामांकन पत्र नहीं लिए जाएंगे।

नामांकन पत्रों की जांच 14 अक्टूबर को होगी। इसके बाद 15 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक अभ्यर्थी नाम वापस ले सकेंगे। नाम वापसी की समय सीमा समाप्त होने के बाद उसी दिन चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा।

वार्ड 1 से 10: रीको कार्यालय, वीकेआई

जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक की ओर से जारी व्यवस्था के अनुसार वार्ड संख्या 1 से 10 तक के नामांकन पत्र सीकर रोड स्थित वीकेआई एरिया, रोड नंबर 5 के रीको कार्यालय में प्राप्त किए जाएंगे। इन वार्डों के लिए मृणाल कुमार, विशेषाधिकारी, कार्यालय जिला निर्वाचन अधिकारी, सहायक रिटर्निंग अधिकारी होंगे।

वार्ड 15 से 26: जिला परिषद कार्यालय

वार्ड संख्या 15 से 26 तक के लिए नामांकन पत्र जिला परिषद कार्यालय स्थित एसीईओ (पंचायत प्रकोष्ठ) कक्ष में लिए जाएंगे। इन वार्डों के लिए प्रीति चौहान, सहायक कलक्टर, आमेर (फास्ट ट्रैक), सहायक रिटर्निंग अधिकारी होंगी।

वार्ड 11 से 14 और 51 से 57: हवामहल-आमेर जोन

वार्ड संख्या 11 से 14 तथा 51 से 57 तक के नामांकन पत्र हवामहल के पीछे स्थित नगर निगम हवामहल-आमेर जोन के उपायुक्त कार्यालय, पुराने पुलिस मुख्यालय, जलेब चौक में प्राप्त किए जाएंगे। इन वार्डों के लिए बजरंग लाल स्वामी, उपखण्ड अधिकारी, जयपुर शहर (दक्षिण), सहायक रिटर्निंग अधिकारी होंगे।

वार्ड 27 से 37: पंचायत समिति सांगानेर

वार्ड संख्या 27 से 37 तक के नामांकन पत्र पंचायत समिति कार्यालय, सांगानेर में लिए जाएंगे। इन वार्डों के लिए राकेश कुमार, द्वितीय उपायुक्त, जयपुर विकास प्राधिकरण जोन-14, सहायक रिटर्निंग अधिकारी होंगे।

वार्ड 38 से 50: कलक्ट्रेट में नामांकन

वार्ड संख्या 38 से 50 तक के लिए नामांकन पत्र जयपुर कलक्ट्रेट के कमरा नंबर 45 में प्राप्त किए जाएंगे। इन वार्डों के लिए निशु कुमार अग्निहोत्री, अतिरिक्त आयुक्त (तृतीय), टीएडी (माडा), सहायक रिटर्निंग अधिकारी होंगे।

13 अक्टूबर आखिरी तारीख

जिला परिषद जयपुर के 57 सदस्यों के लिए 8 अक्टूबर को लोकसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। 13 अक्टूबर नामांकन की अंतिम तारीख रहेगी। निर्वाचन शाखा ने अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए वार्डवार नामांकन स्थल और अधिकारियों की नियुक्ति पहले ही कर दी है। 14 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच और 15 अक्टूबर को नाम वापसी के बाद चुनाव चिह्न आवंटन की प्रक्रिया पूरी होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here