युवक की संदिग्ध मौत में नया मोड़: दो दोस्तों पर हत्या का आरोप

0
34
New twist in youth's suspicious death: Two friends accused of murder.
New twist in youth's suspicious death: Two friends accused of murder.

जयपुर। चाकसू थाना क्षेत्र में करीब एक महीने पहले युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में नया मोड़ आया है। परिजनों ने दो दोस्तों पर काम के बहाने युवक को बाइक से ले जाकर हत्या करने और शव तलाई के पानी में फेंकने का आरोप लगाया है। कोर्ट के आदेश पर चाकसू थाना पुलिस ने सोमवार को हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

थानाधिकारी मनोहर लाल ने बताया कि कोटखावदा क्षेत्र के राडोली निवासी गेंदीलाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उनका भाई कृष्ण हलवाई का काम करता था और कई बार बिना बताए कई दिनों के लिए घर से चला जाता था। उसके पास मोबाइल फोन नहीं होने से परिजन उससे संपर्क भी नहीं कर पाते थे।

परिजनों के अनुसार 24 अगस्त को सुबह करीब 6.30 बजे कृष्ण काम के लिए घर से निकला था। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर वह अपने परिचित गोपाल लाल और संजू बैरवा के साथ बाइक पर जाता दिखाई दिया। जानकारी करने पर पता चला कि गोपाल के मोबाइल से कृष्ण ने अपने परिचित राजेन्द्र को फोन कर एक हजार रुपए उधार मांगे थे।

28 अगस्त की सुबह निमोडिया स्थित तलाई के पानी में कृष्ण का शव पड़ा मिला। सूचना पर चाकसू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्च्युरी में रखवाया। 29 अगस्त को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया था।

परिजनों का आरोप है कि कृष्ण के साथ गए गोपाल और संजू से पूछताछ करने पर दोनों अलग-अलग कहानियां बताते रहे और टालमटोल करते रहे। इसी आधार पर परिजनों ने दोनों पर कृष्ण की हत्या कर शव पानी में फेंकने का संदेह जताया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here