चांदपोल परकोटा गणेश मंदिर में गुरु-पुष्य नक्षत्र पर दी 1008 मोदकों की आहुति

0
39

जयपुर। गुरु-पुष्य नक्षत्र के पावन अवसर पर गुरुवार को चांदपोल परकोटा स्थित प्राचीन गणेश मंदिर में भगवान गणेश का विशेष अभिषेक एवं धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और मंगल कामना की प्रार्थना की।

मंदिर के महंत पंडित अमित शर्मा के सान्निध्य में भगवान गणेश का 101 किलो दूध एवं पंचामृत से अभिषेक किया गया। अभिषेक में दूध, दही, शहद, गंगाजल, केवड़ा जल, गुलाब जल और केसर जल का उपयोग किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुए इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

अभिषेक के पश्चात गणपति सहस्त्रनामावली के साथ हवन का आयोजन किया गया, जिसमें 1008 मोदकों की आहुति दी गई। इसके बाद भगवान गणेश को सिंदूर का चोला चढ़ाकर नवीन पोशाक धारण कराई गई और विशेष श्रृंगार किया गया।

कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने गणपति अथर्वशीर्ष का सामूहिक पाठ किया। वहीं, भक्तों को भगवान गणेश एवं माता लक्ष्मी के प्रतीक स्वरूप हल्दी की गांठ और सुपारी वितरित की गई। अंत में भगवान गणेश को दूर्वा अर्पित कर आरती की गई।

गुरु-पुष्य नक्षत्र के अवसर पर आयोजित इस धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि, व्यापार में उन्नति तथा विघ्नों के निवारण की कामना की। मंदिर परिसर पूरे दिन भक्ति और श्रद्धा के माहौल से सराबोर रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here