जयपुर। ब्रह्मपुरी माउंट रोड स्थित अति प्राचीन दाहिनी सूंड दक्षिण मुखी श्री नहर के गणेश जी महाराज के मंदिर में मंगल-पुष्य नक्षत्र के पावन अवसर पर बुधवार, 12 अगस्त को विशेष धार्मिक आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर प्रथम पूज्य गणपति जी महाराज का मंदिर परिवार की ओर से दूर्वा मार्जन से पंचामृत अभिषेक किया जाएगा।
मंदिर युवाचार्य पं. मानव शर्मा ने बताया कि मंदिर महंत पं. जय शर्मा के सान्निध्य में प्रात: शुभ मुहूर्त में विधि-विधान के साथ भगवान गजानंद जी का दूर्वा मार्जन से पंचामृत अभिषेक किया जाएगा। अभिषेक के पश्चात गणपति जी महाराज को नवीन पौषाक धारण करवाकर विशेष पूजा-अर्चना एवं आरती की जाएगी।
उन्होंने बताया कि सायंकाल मंदिर में 251 दीपकों से महाआरती का आयोजन होगा। इस दौरान मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को सुख-समृद्धि एवं विघ्न निवारण की कामना के साथ रक्षा सूत्र वितरित किए जाएंगे। आयोजन को लेकर मंदिर परिसर में विशेष तैयारियां की जा रही हैं।



















