कैफे की आड में चल रहे हुक्का बार पर पुलिस ने मारा छापा

0
45
Police Raid Hookah Bar Operating Under the Guise of a Cafe
Police Raid Hookah Bar Operating Under the Guise of a Cafe

जयपुर। आदर्श नगर थाना पुलिस ने राजापार्क क्षेत्र में संचालित एक अवैध हुक्का बार पर कार्रवाई करते हुए कैफे मैनेजर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से प्रतिबंधित तंबाकू फ्लेवर, हुक्के, चिलम और अन्य सामग्री जब्त की है। वहीं हुक्का पीते मिले सात युवकों के खिलाफ कोटपा अधिनियम के तहत कार्रवाई कर जुर्माना वसूला गया।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि अवैध हुक्का बारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक सिंघल एवं सहायक पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सुथार के निर्देशन में आदर्श नगर थानाधिकारी मनीष गुप्ता के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी।

आदर्श नगर थानाधिकारी मनीष गुप्ता ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि राजापार्क की गली नंबर-3 स्थित गांधी विला के सामने संचालित द चिल डेक कैफे में अवैध रूप से हुक्का परोसा जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने कैफे में दबिश दी। जांच के दौरान कैफे में कई युवक हुक्का पीते मिले। पुलिस ने मौके पर मौजूद सात युवकों के खिलाफ कोटपा अधिनियम के तहत चालान कर नियमानुसार जुर्माना वसूला।

इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कैफे से विभिन्न प्रकार के प्रतिबंधित तंबाकू फ्लेवर, हुक्का, चिलम तथा हुक्का पाइप जब्त किए। ग्राहकों को प्रतिबंधित तंबाकू फ्लेवर उपलब्ध कराने के आरोप में कैफे मैनेजर नरेश बैरवा (19) निवासी जामडोली आगरा रोड को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आदर्श नगर थाने में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here