जयपुर। प्रदोष सेवा समिति, जयपुर के तत्वावधान में भगवान भोलेनाथ की 15वीं बर्फानी अमरनाथ यात्रा का शुभारंभ 26 जून को होगा। यात्रा के पोस्टर का विमोचन गुरुवार को मोती डूंगरी गणेश मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इस अवसर पर समिति पदाधिकारियों ने प्रथम पूज्य भगवान गणेश का आशीर्वाद लेकर यात्रा की सफलता की कामना की।
समिति के संरक्षक पंडित राजकुमार चतुर्वेदी के सान्निध्य में आयोजित इस यात्रा में 151 श्रद्धालु अमरनाथ, माता वैष्णो देवी तथा हिमाचल प्रदेश की प्रमुख शक्तिपीठों के दर्शन के लिए रवाना होंगे। यात्रा का शुभारंभ गलता गेट स्थित नोखा वैदिक विद्यालय श्री गीता गायत्री मंदिर से किया जाएगा।
समिति के अध्यक्ष सुमित बंसल ने बताया कि यात्रा गीता गायत्री मंदिर से प्रारंभ होकर मोती डूंगरी गणेश मंदिर, चिंतपूर्णी माता, ज्वाला माता, कांगड़ा देवी, चामुंडा देवी, शिवखोड़ी, माता वैष्णो देवी तथा बालटाल होते हुए पवित्र अमरनाथ धाम पहुंचेगी।
समिति के मुकेश शर्मा, रामबाबू बढ़ाया एवं रविंद्र पारीक ने बताया कि यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के लिए तीन वातानुकूलित 2×2 बसों की व्यवस्था की गई है।
यात्रियों के आवास, भोजन, चाय एवं नाश्ते सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समिति द्वारा की गई हैं। महिला सेवा समिति की रुचि बंसल, ऋतु चतुर्वेदी, अंजू बढ़ाया, माया शर्मा एवं जागृति पारीक ने बताया कि इस वर्ष यात्रा में महिलाओं की भागीदारी भी उत्साहजनक है और बड़ी संख्या में महिलाएं श्रद्धा एवं उत्साह के साथ यात्रा में शामिल हो रही हैं।
पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश एवं भोलेनाथ से यात्रा की मंगलमय और सफल पूर्णता की प्रार्थना की।



















