जयपुर। सवाई मानसिंह मेडिकल कॉलेज के गेट नंबर-3 पर संविदा नर्सिंग ऑफिसर्स का आंदोलन रविवार को 37वें दिन भी जारी रहा। क्रमिक अनशन के तीसरे दिन नर्सिंग ऑफिसर महेश जाट, अरुण कुमार, वसवाल, भीम सिंह और आशीष शर्मा अनशन पर बैठे। आंदोलन स्वर्गीय दीपक के परिवार को सहायता और जयपुर सहित प्रदेशभर में नियम विरुद्ध हटाए गए संविदा नर्सिंग कर्मियों को पुनः सेवा में लेने के समझौते की क्रियान्विति की मांग को लेकर जारी है।
संयुक्त नर्सेज संघर्ष समिति के संयोजक नरेन्द्र सिंह शेखावत, राजेन्द्र राना, चन्द्रकांत शर्मा, पवन मीना, विनीता शेखावत और मंजू यादव ने कहा कि रोगियों की बढ़ती संख्या और अस्पतालों के विस्तार को देखते हुए केवल जयपुर में करीब 1600 तथा प्रदेशभर में लगभग 8 हजार नए नर्सिंग कर्मियों की आवश्यकता बताई गई है। ऐसे में जयपुर के 378 और राज्यभर के करीब 2300 संविदा नर्सिंग कर्मियों की सेवाएं समाप्त कर नए संविदाकर्मियों की नियुक्ति करना अनुचित है।
समिति का कहना है कि 12 जून को सेवा में पुनर्बहाली का आश्वासन दिए जाने के बावजूद 37 दिन बाद भी कार्रवाई नहीं हुई है। इससे सरकार की छवि प्रभावित हो रही है। समिति ने चिकित्सा शिक्षा निदेशालय और सचिवालय में लंबित फाइलों का शीघ्र निस्तारण कर आंदोलन का समाधान करने की मांग की है।



















