संविदा नर्सिंग कर्मियों का आंदोलन: निदेशालय घेराव की दी चेतावनी

0
94
Protest by contractual nursing staff: Warning issued to lay siege to the directorate.
Protest by contractual nursing staff: Warning issued to lay siege to the directorate.

जयपुर। सवाई मानसिंह मेडिकल कॉलेज के गेट नंबर-3 पर संविदा नर्सिंग कर्मियों का धरना सोमवार को 38वें दिन भी जारी रहा। वहीं क्रमिक अनशन चौथे दिन भी जारी रहा। आंदोलनकारी स्वर्गीय दीपक के परिवार को सहायता देने और जयपुर सहित प्रदेशभर में नियम विरुद्ध सेवा से हटाए गए संविदा नर्सिंग कर्मियों को पुनः सेवा में लेने के लिए हुए समझौते को लागू करने की मांग कर रहे हैं।

क्रमिक अनशन पर सोमवार को नूर प्रवीण, सुमरन सिंह, हरिओम यादव और राम चौधरी बैठे। संयुक्त नर्सेज संघर्ष समिति के सदस्य सचिव के.के. यादव, हरिसिंह भाटी और बी.पी. सिंह ने कहा कि राज्य में लगातार बढ़ते मरीजों के दबाव और चिकित्सा संस्थानों के विस्तार के बावजूद वर्षों से सेवाएं दे रहे संविदा नर्सिंग कर्मियों को हटाना अनुचित है।

समिति पदाधिकारियों ने बताया कि 12 जून को सरकार और प्रशासन ने संविदा नर्सिंग कर्मियों की सेवा बहाली का आश्वासन दिया था, लेकिन 38 दिन बाद भी इस पर अमल नहीं हुआ। उनका कहना है कि अस्पतालों में नर्सिंग स्टाफ की कमी के बावजूद अनुभवी कर्मियों को हटाकर नई नियुक्तियां की जा रही हैं, जिससे चिकित्सा व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।

समिति ने सरकार से 12 जून के समझौते को तत्काल लागू करने, हटाए गए संविदा नर्सिंग कर्मियों को पुनः सेवा में लेने, स्वर्गीय दीपक के परिवार को सहायता प्रदान करने तथा चिकित्सा शिक्षा निदेशालय और सचिवालय में लंबित फाइलों का शीघ्र निस्तारण करने की मांग की। चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर चिकित्सा शिक्षा निदेशालय का घेराव किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here