जयपुर। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राजधानी जयपुर में देशभक्ति का अनूठा माहौल बनने जा रहा है। “हर घर तिरंगा, हर दिल तिरंगा” के संकल्प को साकार करते हुए ‘राजस्थान रोड राइडर्स’ आगामी 15 अगस्त को जयपुर की सड़कों पर एक विशाल एवं भव्य तिरंगा बाइक रैली का आयोजन करने जा रहा है।
यह तिरंगा रैली देश की एकता, अखंडता और माँ भारती की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को समर्पित है। आयोजकों ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं के दिलों में देशभक्ति की लौ प्रज्वलित करना और साथ ही आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है।
शहर के प्रमुख ऐतिहासिक मार्गों से गुजरते हुए यह रैली शहरवासियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। विशाल तिरंगा बाइक रैली स्टैच्यू सर्किल से प्रात 6 बजे रवाना होगी और पत्रिका गेट, जेएलएन मार्ग होते हुए चौड़ा रास्ता ,हवा महल से वापसी गणपति प्लाजा गुलाब जी चाय की दुकान पहुंचेगी। जहां पर विशाल तिरंगा बाइक रैली का समापन होगा।
आयोजन को लेकर राजस्थान रोड राइडर्स के सदस्यों और स्थानीय युवाओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। हाथों में लहराता राष्ट्रध्वज तिरंगा और ‘भारत माता की जय’ के जयकारों के साथ राइडर्स शहर को देशभक्ति के रंग में रंगने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। आयोजकों ने सभी शहरवासियों और बाइक राइडर्स से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस राष्ट्रीय पर्व को यादगार बनाने की अपील की है।



















