पार्ट टाइम जॉब के नाम पर टास्क स्कैम: युवक से 1.01 लाख रुपए ठगे

0
45
Police headquarters issued advisory regarding cyber fraud
Police headquarters issued advisory regarding cyber fraud

जयपुर। राजधानी में पार्ट टाइम जॉब के नाम पर टास्क पूरा करवाकर साइबर ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने युवक को मुनाफे का लालच देकर अलग-अलग टास्क दिए और बैंक खातों में रुपए जमा करवाते रहे। इस तरह आरोपियों ने युवक से 1 लाख 1 हजार 791 रुपए ट्रांसफर करवा लिए। अगला टास्क करने से मना कर युवक ने अपने रुपए वापस मांगे तो ठगों ने भुगतान नहीं किया। ठगी का पता चलने पर पीड़ित ने सोमवार को जवाहर सर्किल थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई।

जवाहर सर्किल थानाधिकारी महेश चंद्र ने बताया कि मालवीय नगर सेक्टर-9 निवासी अमन गुप्ता (24) के वॉट्सऐप पर अंतरराष्ट्रीय मोबाइल नंबर से पार्ट टाइम जॉब का मैसेज आया था। अच्छे पैकेज का लालच देखकर अमन ने नौकरी के संबंध में जानकारी मांगी। इसके बाद साइबर ठगों ने उसे टास्क पूरा करने पर अच्छा मुनाफा मिलने का झांसा दिया।

आरोपियों ने टास्क देने के नाम पर युवक को अलग-अलग बैंक खातों में रुपए जमा करवाने को कहा। उसे बताया गया कि टास्क पूरा करने के साथ उसका मुनाफा भी बढ़ता जाएगा। एक टास्क पूरा होने के बाद अगला टास्क देकर ठग उससे लगातार रुपए ट्रांसफर करवाते रहे। इस तरह कुल 1,01,791 रुपए जमा करवा लिए गए।

अगला टास्क करने से इनकार कर अमन ने अपने रुपए वापस मांगे तो आरोपियों ने भुगतान नहीं किया। इसके बाद उसे साइबर ठगी का अहसास हुआ और उसने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here