मंदिरों में चोरी करने वाला 15 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार

0
37

जयपुर। राजधानी और आसपास के इलाकों में मंदिरों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले 15 हजार रुपए के इनामी बदमाश पवन मीणा को खोरा बीसल थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी करीब 10 महीने से फरार था। साथियों की गिरफ्तारी के बाद वह मोबाइल बंद कर महाराष्ट्र में पहचान छिपाकर रह रहा था। दीपावली पर गांव आने की सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ चोरी, नकबजनी और लूट के करीब डेढ़ दर्जन मामले दर्ज हैं।

डीसीपी पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि आरोपी की तलाश के लिए खोरा बीसल थाना पुलिस की विशेष टीम गठित की गई थी। कांस्टेबल शीशराम को सूचना मिली कि पवन मीणा महाराष्ट्र में छिपा हुआ है और दीपावली पर गांव लौटने वाला है। पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय कर निगरानी शुरू की। 2 नवंबर को उसके गांव की ओर आने की सूचना पर टीम ने तलाश कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार 8 फरवरी 2026 को खोरा बीसल थाना क्षेत्र के मनशारामपुरा स्थित ग्वाला बाबा सेवा समिति के मंदिर में चोरी की वारदात हुई थी। मंदिर समिति अध्यक्ष रामूलाल शर्मा ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि रात करीब 1 से 2 बजे चार चोर मंदिर और मुख्य दरवाजों के ताले तोड़कर अंदर घुसे। बदमाश छत्र, मुकुट, सिंहासन, कटोरी, सीतामाता की नथ, छत का पंखा और शिव मंदिर का दानपात्र चोरी कर ले गए थे।

जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में उसी रात खोरा बीसल, बिंदायका और हरमाड़ा थाना क्षेत्रों के अन्य मंदिरों में भी चोरी की वारदात सामने आई। इसके बाद दूसरी रात कालाडेरा और गोविंदगढ़ क्षेत्र के मंदिरों को निशाना बनाया गया। पुलिस के अनुसार, गिरोह ने दो रात में आधा दर्जन से अधिक मंदिरों में चोरी की थी।

सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर वारदातों के दौरान एक बोलेरो गाड़ी संदिग्ध रूप से घूमती नजर आई। जांच में सामने आया कि आरोपी दिन में मंदिरों की रेकी करते और रात में ताले तोड़कर चोरी करते थे। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल ताले तोड़ने के औजार भी बरामद किए थे। पवन अपने साथियों के साथ परिचित से बोलेरो मांगकर वारदात करने पहुंचता था। यह गाड़ी उसने अपनी बुआ के बेटे राहुल मीणा निवासी पीपलोदा का बास, खंडेला (सीकर) से ली थी।

पुलिस ने इस मामले में पहले मोहनलाल सैनी, सुवालाल चौधरी उर्फ सुनील मारवाड़ी और मंगलचंद सैनी उर्फ बलदेव को गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से करीब आधा किलो चांदी के आभूषण, नकदी और चोरी का अन्य सामान बरामद किया गया था। तीनों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया था। साथियों की गिरफ्तारी के बाद पवन फरार हो गया था।

गिरफ्तार आरोपी पवन मीणा (29) पुत्र कैलाश चंद मीणा निवासी बृसिंहपुरा, थाना कालाडेरा, जयपुर ग्रामीण के खिलाफ करधनी, चौमूं, कालवाड़, कालाडेरा, बिंदायका, हरमाड़ा, खोरा बीसल, गोविंदगढ़ और सामोद सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों में चोरी, लूट और नकबजनी के करीब डेढ़ दर्जन मामले दर्ज हैं। पुलिस अब फरार नाबालिग आरोपी और वारदात में इस्तेमाल बोलेरो की तलाश कर रही है। पूछताछ में अन्य वारदातों का खुलासा होने की संभावना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here