जयपुर। बजाज नगर थाना इलाके में गांधी नगर रेलवे स्टेशन के बाहर मोबाइल चोरी होने के बाद बैंक खाते से 1.21 लाख रुपए निकालने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थानाधिकारी रामधन मीणा ने बताया कि नांगलोसाद निवासी सतीश कुमार बैरवा का मोबाइल शुक्रवार दोपहर गांधी नगर रेलवे स्टेशन के बाहर चोरी हो गया। आरोप है कि मोबाइल चोरी करने के बाद अज्ञात बदमाश ने उसका इस्तेमाल कर ऑनलाइन तरीके से बैंक खाते से 1,21,997 रुपए निकाल लिए। खाते से रकम निकलने की जानकारी मिलने पर पीड़ित ने बजाज नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस के अनुसार मोबाइल में बैंकिंग और वित्तीय सेवाओं से संबंधित जानकारी होने के कारण चोरी के बाद उसके दुरुपयोग की आशंका रहती है। पुलिस स्टेशन और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान के प्रयास कर रही है।
जांच में पुलिस यह भी पता लगा रही है कि चोरी किए गए मोबाइल के जरिए बैंक खाते से रकम किस माध्यम से निकाली गई और राशि किस खाते में स्थानांतरित हुई। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।



















