संग्राम सिंह बने स्ट्राइक एशिया चैंपियन: पाकिस्तान के मोहम्मद आबिद अली को मात्र 1 मिनट 20 सेकंड में किया नॉकआउट

0
49
Sangram Singh becomes Strike Asia Champion.
Sangram Singh becomes Strike Asia Champion.

कुआलालंपुर (मलेशिया)। भारत के दिग्गज पहलवान और अपराजित मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स ( एमएमए) फाइटर संग्राम सिंह ने इतिहास रचते हुए पाकिस्तान के मोहम्मद आबिद अली को महज़ 1 मिनट 20 सेकंड में शानदार नॉकआउट से हराकर प्रतिष्ठित स्ट्राइक एशिया चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम कर लिया।

बहुप्रतीक्षित भारत-पाकिस्तान मुकाबले में संग्राम सिंह ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज़ अपनाया और अपने दमदार प्रदर्शन से प्रतिद्वंद्वी को संभलने का कोई मौका नहीं दिया। पहले ही राउंड में उन्होंने सटीक और शक्तिशाली प्रहारों के दम पर मुकाबला समाप्त कर दिया और शानदार अंदाज़ में एशियाई चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

इस ऐतिहासिक जीत के साथ संग्राम सिंह ने अपने अपराजित पेशेवर एमएमए रिकॉर्ड को भी बरकरार रखा। यह उपलब्धि उनके शानदार खेल करियर में एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ती है और यह साबित करती है कि वह केवल कुश्ती ही नहीं, बल्कि मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में भी भारत का परचम बुलंद कर रहे हैं।

जीत के बाद संग्राम सिंह ने कहा, “यह जीत मेरे देश भारत के 147 करोड़ देशवासियों को समर्पित है। जब भी मैं रिंग या केज में उतरता हूं, तो मेरे साथ पूरे देश की उम्मीदें और तिरंगे का सम्मान होता है। यह खिताब भारत माता को समर्पित है।

गौरतलब है कि संग्राम सिंह इससे पहले भी अंतरराष्ट्रीय एमएमए मुकाबलों में पाकिस्तान के अली रज़ा नासिर, ट्यूनीशिया के हाकिम त्राबेलसी और फ्रांस के फ्लोरियन कूडियर को हराकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं।

पाकिस्तान के खिलाफ इस ऐतिहासिक जीत के साथ संग्राम सिंह ने न केवल स्ट्राइक एशिया चैंपियनशिप अपने नाम की, बल्कि भारतीय मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स के इतिहास में भी एक यादगार अध्याय जोड़ दिया। मात्र 80 सेकंड में मिली यह जीत भारतीय खेल जगत के लिए गर्व का क्षण बन गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here