89 और 50 पेंडिंग चालान वाली दो बसें जब्त

0
52
Two buses with 89 and 50 pending challans impounded.
Two buses with 89 and 50 pending challans impounded.

जयपुर। राजधानी जयपुर में लगातार यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने पेंडिंग चालान वाले वाहनों को चिन्हित करते हुए दो बसों को जब्त किया है। इनमें एक बस पर 89 और दूसरी पर 50 चालान लंबित थे।

पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल के निर्देश पर आमजन को सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराने तथा सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (यातायात एवं प्रशासन) प्रदीप मोहन शर्मा के निर्देशन में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले सभी श्रेणी के वाहन चालकों के खिलाफ नियमित कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त (यातायात) योगेश गोयल ने बताया कि पेंडिंग चालान वाले वाहनों की विशेष निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में आरजे-14-पीई-5789 नंबर की बस, जिस पर पहले से 89 चालान लंबित थे, तथा आरजे-14-पीई-0421 नंबर की बस, जिस पर 50 चालान लंबित थे, को दोबारा मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन करते पाए जाने पर जब्त किया गया।

डीसीपी ने कहा कि बार-बार यातायात नियमों का उल्लंघन कर स्वयं और अन्य लोगों की जान जोखिम में डालने वाले वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन पंजीकरण (आरसी) के निलंबन की अनुशंसा भी संबंधित जिला परिवहन अधिकारी को भेजी जाएगी।

उन्होंने वाहन स्वामियों से अपील की कि वे अपने लंबित चालानों की अनदेखी न करें। पेंडिंग चालानों की जानकारी ई-चालान पोर्टल, वर्चुअल कोर्ट या ई-मित्र के माध्यम से प्राप्त कर निर्धारित समयावधि में उनका निस्तारण कराएं। ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पेंडिंग चालान वाले वाहनों के खिलाफ यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here