जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा वरिष्ठ संगठनकर्ता एवं उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजेय कुमार को राजस्थान भाजपा का प्रदेश महामंत्री (संगठन) नियुक्त किए जाने पर पार्टी में हर्ष व्यक्त किया गया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ सहित वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि अजेय कुमार का संगठनात्मक अनुभव, कार्यकर्ताओं के प्रति समर्पण एवं कुशल नेतृत्व राजस्थान भाजपा संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती प्रदान करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके मार्गदर्शन में पार्टी संगठन नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा तथा जनसेवा और संगठन विस्तार के कार्यों को गति मिलेगी।
राठौड़ ने उनके संगठनात्मक जीवन का उल्लेख करते हुए बताया कि अजेय कुमार ने 1997 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक के रूप में श्रीनगर गढ़वाल से सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने श्रीनगर, हरिद्वार, हल्द्वानी, ऊधमसिंह नगर, अल्मोड़ा सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद एवं बिजनौर क्षेत्रों में संगठनात्मक दायित्व निभाए।
वर्ष 2018 में वे भाजपा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय महामंत्री (संगठन) बने तथा वर्ष 2019 से उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) के रूप में संगठन को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे। उनके कार्यकाल में सदस्यता अभियान, प्रशिक्षण, बूथ सशक्तीकरण, कार्यकर्ता संवाद तथा संगठन-सरकार समन्वय जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य हुए।



















