जयपुर। श्रावण मास में टोंक रोड दुर्गापुरा स्थित राजस्थान गौसेवा संघ गौशाला में 15-16 अगस्त को दो दिवसीय श्री महामृत्युंजय रुद्र महायज्ञ एवं नर्मदेश्वर शिवलिंग अभिषेक का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन अचूक शिवशक्ति साधना महायज्ञ के रूप में श्रद्धा एवं वैदिक विधि-विधान के साथ संपन्न होगा।
शनिवार को श्री सालासर बालाजी मंदिर के विष्णुदत्त पुजारी ने विद्याधरनगर में आयोजन के पोस्टर का विमोचन किया। आयोजक गोपाल शरण महाराज ने बताया कि 15 अगस्त को ध्वजारोहण के साथ यज्ञ का शुभारंभ होगा। देश भक्ति और देव भक्ति के माहौल के बीच यज्ञ भगवान को आहुतियां प्रदान की जाएंगी। इस मौके पर श्याम प्रभु और सालासर बालाजी का दरबार सजाया जाएगा।
दूसरे दिन 16 अगस्त (रविवार) को श्रावण मास के उपलक्ष्य में मुख्य महायज्ञ होगा। महामृत्युंजय मंत्रों के वैदिक उच्चारण, रुद्राभिषेक एवं नर्मदेश्वर शिवलिंग का दिव्य अभिषेक संपन्न होगा। यज्ञ में गौसेवा, लोककल्याण, राष्ट्र की सुख-समृद्धि, पर्यावरण संरक्षण एवं विश्व शांति की कामना से विशेष आहुतियां अर्पित की जाएंगी।



















