जयपुर। मालवीय नगर के सेक्टर-12 स्थित घिया हॉस्पिटल के पास के श्री मालेश्वर महादेव मंदिर में रविवार सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक श्री नवदुर्गा सप्तशती नवचंडी महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा।
आचार्य डॉ. लव भूषण ने बताया कि महायज्ञ के लिए 9 हवन यज्ञ कुंड बनाए गए हैं। इसमें 11 विद्धान पंडित पूजन, हवन व नवचंडी का पाठ करेंगे। सुबह 9 बजे पूजन के पश्चात श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी का भी आयोजन होगा। सांय करीब पांच बजे यज्ञ की पूर्णाहुति के उपरांत प्रसाद वितरित किया जाएगा।
आचार्य डॉ. लव भूषण ने बताया कि इस दिन 15 तारीख यानी 1$5 अर्थात 6 है, छह लक्ष्मी जी का दिन होता है, इसी दिन प्रथम नवरात्रा भी है। लक्ष्मी जी को प्रसन्न करने के लिए नव कुंडी नवचंडी महायज्ञ किया जा रहा है। इस महायज्ञ को श्री दुर्गा सप्तशती के 13 अध्याय एवं 700 श्लोकों के माध्यम से किया जाता है। इस महायज्ञ को सफल करने के लिए पूजन में एक विशेष सामग्री का भी उपयोग किया जाएगा।

नौ हवन कुंडों के माध्यम से होने वाले इस महायज्ञ में करीब सात घंटे लगेंगे। डॉ. आचार्य लव भूषण ने बताया कि पिछले छह वर्ष से इस महायज्ञ को लगातार कर रहे है। इस महायज्ञ को गणेश जी, भगवान शिव, नवग्रह और नवदुर्गा को समर्पित करने से मनुष्य जीवन धन्य होता है। इसमें देश-विदेश से श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं, अब तक करीब 10 हजार रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं।