श्रीरामपुरा हत्याकांड का खुलासा: पांच आरोपी गिरफ्तार

0
46
Main Accused Who Swindled ₹11.54 Lakh Using Fake Land Leases Arrested
Main Accused Who Swindled ₹11.54 Lakh Using Fake Land Leases Arrested

जयपुर। सांगानेर सदर थाना क्षेत्र के श्रीरामपुरा में हुए चर्चित हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि पुरानी रंजिश और गांव में हुई कहासुनी का बदला लेने के लिए आरोपियों ने युवक पर लोहे के पाइपों से हमला कर उसकी हत्या कर दी थी।

डीसीपी (दक्षिण) राजर्षि राज वर्मा ने बताया कि मृतक चेतराम गुर्जर गत 1 मई को एक शादी समारोह में शामिल होने सचिवालय नगर (सांगानेर सदर) आया था। इसी दौरान पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण चेतराम की मौत हो गई थी।

घटना के बाद पुलिस आयुक्तालय के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सांगानेर सदर थानाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिरों से मिली सूचनाओं तथा आसपास के सीसीटीवी फुटेज की सहायता से आरोपियों की पहचान की। इसके बाद विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने मामले में मुख्य साजिशकर्ता एवं 20 हजार रुपए के इनामी बदमाश कौशल नागर उर्फ कौशल सुपारी उर्फ धाकड़ सरकार (26) निवासी नैनवा, बूंदी को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा देवांश शर्मा और विशाल मदेरणा को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार विशाल मदेरणा ने आरोपियों को फरारी काटने और हमले में सहयोग किया था। मामले में संलिप्त अन्य दो सह-आरोपियों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश और आपसी विवाद सामने आया है। पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि वारदात में प्रयुक्त हथियारों तथा घटना के अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा सके। पुलिस शनिवार को आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लेने का प्रयास करेगी।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार मुख्य आरोपी कौशल नागर उर्फ कौशल सुपारी उर्फ धाकड़ सरकार पर 20 हजार रुपए का इनाम घोषित था। वह लंबे समय से पुलिस की निगरानी में था और घटना के बाद फरार चल रहा था। पुलिस की विशेष टीम ने उसे भी दबोच लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here