गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने की उठी जोरदार मांग

0
49
Strong demand raised to grant 'Mother of the Nation' status to the cow.
Strong demand raised to grant 'Mother of the Nation' status to the cow.

जयपुर। गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत सोमवार को मानसरोवर स्थित वीटी रोड ग्राउंड पर साधु-संतों, गौसेवकों और सनातन श्रद्धालुओं का विशाल महासम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने, देशभर में गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने तथा गौ संरक्षण के लिए सशक्त केंद्रीय कानून बनाने की मांग को लेकर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान देशभर में चलाए गए जनसंपर्क अभियान के तहत एकत्र किए गए लाखों हस्ताक्षरों से जुड़े हजारों ज्ञापन पत्र भी प्रशासन को सौंपे गए।

आयोजन से जुड़े हरिशंकर वेदांती (ढेहर के बालाजी) तथा सर्व समाज हिंदू महासभा के संस्थापक चंद्र प्रकाश भाड़े वाला ने बताया कि महासम्मेलन में प्रदेशभर से संत-महात्माओं, गौसेवकों और हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक ‘श्रीराम जय राम जय जय राम’ संकीर्तन, वैदिक मंत्रोच्चार, गौ माता पूजन तथा सद्बुद्धि हवन-यज्ञ के साथ हुआ। इसके बाद संत समाज के सान्निध्य में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

अभियान के प्रमुख हरिशंकर दास महाराज वेदांती ने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और कृषि व्यवस्था की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि गौ माता को राष्ट्रमाता का सम्मान दिलाना और गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि देशभर में जनसंपर्क अभियान चलाकर लाखों लोगों के हस्ताक्षर एकत्र किए गए, जिनसे जुड़े हजारों ज्ञापन राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को सौंपे गए।

महासम्मेलन में संत समाज ने एक स्वर में संकल्प लिया कि जब तक गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा नहीं मिल जाता, तब तक यह जनआंदोलन जारी रहेगा। वक्ताओं ने केंद्र सरकार से कठोर केंद्रीय गौ संरक्षण कानून लागू करने, प्रभावी गौ रक्षा व्यवस्था स्थापित करने तथा केंद्रीय गौ सेवा मंत्रालय के गठन की भी मांग की।

कार्यक्रम के दौरान संतों ने गौ संरक्षण को जन-जन का अभियान बनाने का आह्वान किया। पूरे आयोजन स्थल पर ‘गौ माता की जय’ और ‘भारत माता की जय’ के जयघोष गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने गौ सेवा और गौ संरक्षण के लिए सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। स्वयंसेवकों ने पूरे आयोजन की व्यवस्थाओं का संचालन किया और कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ।

महासम्मेलन में ब्रह्म पीठाधीश्वर राम रतन दास जी महाराज, महामंडलेश्वर सियाराम दास जी महाराज, आनंद सोमेश्वर जी महाराज, प्रकाश दास जी महाराज, प्रिया शरण जी महाराज, पवन दास जी महाराज, हरिओम दास जी महाराज, हीरा पुरी जी महाराज तथा शंकर दास जी महाराज सहित बड़ी संख्या में संत-महात्मा, गौसेवक और श्रद्धालु उपस्थित रहे। अंत में संत समाज ने गौ संरक्षण को राष्ट्रीय प्राथमिकता बनाने के लिए जनजागरण अभियान को और व्यापक रूप से आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here