नाड़ी का फाटक पर बदली यातायात व्यवस्था: रेलवे ओवरब्रिज निर्माण के चलते कई मार्ग डायवर्ट

0
165

जयपुर। नाड़ी का फाटक पर रेलवे ओवरब्रिज (जयपुर-सीकर रेलवे लाइन) के निर्माण कार्य के प्रथम चरण को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। यह व्यवस्था सोमवार से प्रभावी कर दी गई है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और यातायात व्यवस्था में सहयोग करें।

पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (यातायात एवं प्रशासन) प्रदीप मोहन शर्मा के पर्यवेक्षण तथा पुलिस उपायुक्त (यातायात) योगेश गोयल के निर्देशन में यह व्यवस्था लागू की गई है। इसका उद्देश्य निर्माण कार्य के दौरान शहर में सुगम एवं सुरक्षित यातायात बनाए रखना तथा दुर्घटनाओं पर नियंत्रण रखना है।

यातायात पुलिस के अनुसार एक्सप्रेस हाईवे ईंट मंडी से नाड़ी का फाटक तक दोनों दिशाओं का यातायात बंद रहेगा। बैनाड़ की ओर से जयपुर शहर आने वाले सामान्य वाहनों को नाड़ी का फाटक से डायवर्ट कर एक्सप्रेस हाईवे के छोटे मोड़ से सर्विस रोड होते हुए मुरलीपुरा और जयपुर शहर की ओर भेजा जाएगा, जबकि जयपुर शहर से बैनाड़ की ओर जाने वाला सामान्य यातायात पूर्ववत संचालित रहेगा।

इसके अलावा कालवाड़ पुलिया और निवाड़ू पुलिया की ओर से रोड नंबर-14 जाने वाले वाहनों को दादी का फाटक पुलिया के नीचे से डायवर्ट कर रेलवे ओवरब्रिज होते हुए रोड नंबर-14 की ओर भेजा जाएगा। वहीं खोरा-बीसल क्षेत्र से आने वाले भारी वाहनों को बैनाड़ फाटक से लोहामंडी और हरमाड़ मार्ग की ओर मोड़ा जाएगा। हालांकि, सभी आपातकालीन वाहनों का आवागमन निर्बाध रूप से जारी रहेगा। यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here