जयपुर। जगन गुर्जर हत्याकांड की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच की मांग को लेकर गुर्जर समाज के विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को मुख्यमंत्री के नाम अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रथम) को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराने तथा दोषियों के विरुद्ध त्वरित एवं कठोर कार्रवाई की मांग की गई।
अखिल भारतीय गुर्जर महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविशंकर धाभाई ने कहा कि इस हत्याकांड से पूरे गुर्जर समाज में आक्रोश और चिंता है। उनका कहना था कि मामले की निष्पक्ष जांच केवल सीबीआई जैसी स्वतंत्र एजेंसी से ही संभव है, जिससे पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और दोषियों को शीघ्र सजा मिल सके। उन्होंने राज्य सरकार से इस मामले में तत्काल सीबीआई जांच की अनुशंसा करने के साथ पीड़ित परिवार को सुरक्षा और आवश्यक सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व अखिल भारतीय गुर्जर महासभा (राजस्थान) के प्रदेश महामंत्री राजेंद्र गोवल्या (एडवोकेट) ने किया। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने समय रहते समाज की मांग पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो गुर्जर समाज लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से व्यापक जन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान चंद्रशेखर बसवा, गौरीशंकर डोई, रविशंकर धाभाई, राजेन्द्र गोवल्या (एडवोकेट), रामावतार बड़िया, मनीष भरगढ़, लक्ष्मण लादी, फूलचंद बैंसला, बाबूलाल छेपट, घनश्याम गर्राटी, सीताराम कसाना, बीरबल डोई, रामचंद्र फागना, मुकेश धाभाई और रमेश बगड़वाल सहित गुर्जर समाज के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाज बंधु मौजूद रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि न्याय व्यवस्था में आमजन का विश्वास बनाए रखने के लिए इस मामले की निष्पक्ष जांच आवश्यक है। समाज ने राज्य सरकार से शीघ्र निर्णय लेकर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।



















