चोरों के आगे पुलिस की गश्त व्यवस्था कमजोर, चार मकान-एक दुकान को चोरों ने बनाया निशाना

0
371

जयपुर। जयपुर कमिश्नरेट पुलिस की गश्त व्यवस्था को धत्ता बताकर चोर चार मकान और एक दुकान को निशाना बनाकर लाखों रुपए के जेवरात, नकदी सहित अन्य सामान ले गए। गोविंदपुरा सीकर निवासी मनोज कुमार ने शिवदासपुरा थाने में मामला दर्ज करवाया कि वह किराए से विमलपुरा विधाणी में रहता है और शेयर ट्रेडिंग का काम करता है। वह अपने गांव गया था पीछे से किसी ने उसके फ्लैट का ताला तोड़कर नकदी सहित अन्य सामान चोरी कर लिया। घटना की जानकारी उसे पडौसी ने दी। घटना 12 नवम्बर की रात की है। वह 10 नवम्बर को गांव गया था। 13 को पडोसी ने चोरी होने की जानकारी दी।

दूसरी घटना में चम्पा नगर गुर्जर की थड़ी निवासी देवी सिंह ने मानसरोवर थाने में मामला दर्ज करवाया कि उसके मकान में चोर ताला तोड़कर घुसे और मोबाइल, लेपटॉप और 22 हजार रुपए ले गए। घटना 12 नवम्बर की रात की बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तीसरी घटना में महात्मा गांधी कॉलोनी निवासी शबाना ने शास्त्रीनगर थाने में मामला दर्ज करवाया कि वह 13 नवम्बर को झोटवाड़ा शादी में गई थी। देर रात वापस लौटी तो उसके मकान का ताला टूटा मिला। कमरे के साथ अलमारी का सामान भी बिखरा हुआ था। चोर मकान से 6 तोला सोने के दो हार, तीन चांदी की पायजेब, 70-80 हजार रुपए ले गए। इस पर पीडिता ने थाने पहुंच कर मामला दर्ज करवाया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चौथी घटना में हीरापुरा गांव शालीमार बाग निवासी राजेश विजय ने चित्रकूट थाने में मामला दर्ज करवाया कि वह परिवार के साथ बाहर गया था 13 नवम्बर की रात चोर मकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे और सोने की चेन, चार सोने की अंगूठियां, सोने की गिन्नी, सोने का पेंडल, 250 ग्राम चांदी के सिक्के, 6 चांदी की पायल, ढाई किलो चांदी के कहुआ, हाथ घडियां, 50 हजार रुपए की अन्य ज्वैलरी और 55 से 60 हजार रुपए ले गए। घटना की जानकारी उन्हें पडौसी ने दी। इस पर घर पहुंचकर चोरी गए सामान की जानकारी इक्ट्ठा कर मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दुकान का ताला तोड़कर नकदी सहित अन्य सामान ले गए चोर

करधनी थाना इलाके में चोर एक दुकान का ताला तोड़कर नकदी सहित अन्य सामान ले गए। पुलिस के अनुसार परमानंद वाटिका निवासी रामनारायण जाट ने मामला दर्ज करवाया कि उसने सिरसी लिंक रोड पर महादेव ट्रेडर्स के नाम से दुकान खोल रखी है। 14 नवम्बर की रात को चोर दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे और सिगरेट के पैकेट, बादाम के पैकेट और एलईडी चोरी कर ले गए। घटना का पता उसे अगले दिन दुकान पर पहुंचने पर लगा। इस पर पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके से साक्ष्य लेकर जांच शुरू कर दी है।

बाइक सवार बदमाश तोड़ ले गए महिला के गले से सोने की चेन

मुरलीपुरा थाना इलाके में बाइक सवार दो बदमाश एक महिला के गले पर झपट्टा मारक र सोने की चेन तोड़कर ले गए। महिला अपनी सहेली के साथ ईवनिंग वॉक पर गई थी। पुलिस इस मामले में घटना स्थल और उसके आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

पुलिस के अनुसार आर्य नगर निवासी सीता मोदानी ने मामला दर्ज करवाया कि वह अपनी सहेली पल्लवी के साथ खाना खाने के बाद ईवनिंग वॉक पर गई थी। केडिया पैलेस पहुंचते ही पीछे से बाइक सवार दो बदमाश आए और उसके गले पर झपट्टा मार कर सोने की चेन तोड़कर ले गए। घटना 13 नवम्बर की रात करीब सवा आठ बजे की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

युवक का अपहरण कर छीनी नकदी व सोने की चेन

मोती डूंगरी थाना इलाके में एक युवक का अपहरण कर मारपीट कर उससे नकदी व सोने की चेन लूटने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार जवाहर नगर निवासी लोकेश कुमार शर्मा ने मामला दर्ज करवाया कि वह कार से बाजार जा रहा था प्रेशियस मॉल के सामने उसे धर्मा ने रोका और उसकी गाडी चलाकर उसे आदर्श नगर श्मशान घाट के पास एक मकान में ले गया। वहां पर पहले से ही सतीश, राजेश शर्मा समेत कुछ अन्य लोग मौजूद थे। आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और उसकी कार में रखे 1.70 लाख रुपए और उसके गले से सोने की चेन तोड़ ली। किसी तरह पीडित उनकी चंगुल से निकलकर घर पहुंचा और फिर पुलिस की शरण ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here