जयपुर। मुहाना थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े चोरी की एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है। स्वर्ण विहार स्थित एक सूने मकान को निशाना बनाकर बाइक सवार दो बदमाश महज 30 सेकेंड में पोर्च में रखी पानी की मोटर चोरी कर फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार स्वर्ण विहार स्थित मकान के पोर्च में निर्माण कार्य और फिटिंग के लिए नया सामान रखा हुआ था। शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे बाइक पर सवार दो युवक गली में पहुंचे और पहले आसपास की गतिविधियों का जायजा लिया। मौका मिलते ही एक बदमाश मकान के अंदर घुसा और पोर्च में रखी पानी की मोटर उठाकर बाहर ले आया।
सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि आरोपी ने महज 30 सेकेंड के भीतर वारदात को अंजाम दिया।
इसके बाद वह अपने साथी की बाइक पर बैठकर दोनों मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें दोनों बदमाशों की गतिविधियां स्पष्ट रूप से दिखाई दीं। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।



















