जयपुर। श्याम नगर थाना पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए एक 5 हजार रुपए के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया, वहीं दूसरी ओर खाली प्लॉट पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे गिरोह के तीन आरोपियों को दबोच लिया।
पुलिस उपायुक्त दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि श्याम नगर थाना क्षेत्र में फुटपाथ पर खड़े युवकों के साथ मारपीट और लूट की वारदात के मामले में फरार चल रहे आरोपी जल सिंह मीणा को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित था। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी जयपुर शहर में ऑनलाइन एस्कॉर्ट सर्विस भी संचालित करता है।
पुलिस के अनुसार 13 मार्च 2025 को लियोना क्लब गार्डन के बाहर कुछ युवकों के बीच विवाद हुआ था। बीच-बचाव करने पर बदमाशों ने सुरेश नेहरा और उसके साथी पर हमला कर दिया तथा सोने की चेन और मोबाइल लूटकर फरार हो गए थे। मामले में पूर्व में दो आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके थे, जबकि मुख्य आरोपी जल सिंह मीणा फरार चल रहा था। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उसे करौली जिले के मासलपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। आरोपी से गिरोह के अन्य सदस्यों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
वहीं दूसरी कार्रवाई में श्याम नगर थाना पुलिस ने गोपालपुरा बाइपास स्थित गौतम विहार इलाके में खाली प्लॉट पर जबरन कब्जा करने की कोशिश कर रहे गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। मौके से कब्जे के लिए रखा गया कंटेनर और निर्माण सामग्री भी जब्त की गई।
पुलिस को कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि कुछ लोग प्लॉट पर अवैध कब्जे का प्रयास कर रहे हैं। सूचना पर थाना प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में लोग एकत्र थे और माहौल तनावपूर्ण बना हुआ था। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए मौके से संदीप कुमार पूनिया, अभिषेक कसवां और नौसाद खान को गिरफ्तार कर लिया।
दोनों मामलों में कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित किशोर शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त सुनील कुमार शर्मा के सुपरविजन में थाना प्रभारी दलवीर सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने की। पुलिस टीम में अजयपाल और पवन कुमार की विशेष भूमिका रही।
तीन साल से फरार स्थाई वारंटी गिरफ्तार
बस्सी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोरी के एक मामले में पिछले तीन साल से फरार चल रहे स्थायी वारंटी को गिरफ्तार किया है। पुलिस उपायुक्त पूर्व रंजीता शर्मा ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक सिंघल के सुपरविजन तथा सहायक पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सुथार के निर्देशन में बस्सी थाना प्रभारी धर्मेन्द्र कुमार शर्मा के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया।
गठित टीम ने लगातार निगरानी और अथक प्रयास करते हुए तीन साल से फरार चल रहे स्थाई वारंटी गिर्राज प्रसाद मीणा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी चोरी के एक प्रकरण में वांछित था और लंबे समय से फरार चल रहा था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गिर्राज प्रसाद मीणा पुत्र जगदीश प्रसाद मीणा, निवासी बासखोह खोरी, थाना बस्सी, जयपुर पूर्व के रूप में हुई है। कार्रवाई में कांस्टेबल राजेन्द्र कुमार की विशेष भूमिका रही।



















