मिलावटी दूध के खिलाफ सख्ती: खाद्य सुरक्षा विभाग ने जयपुर में लिए गए दूध के नमूने

0
70
Strict Action Against Adulterated Milk
Strict Action Against Adulterated Milk

जयपुर। राज्य सरकार के “शुद्ध आहार मिलावट पर वार” अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी दूध के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जयपुर में विभिन्न स्थानों पर औचक निरीक्षण कर दूध के नमूने लिए। ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देशन और अभिहित अधिकारी डॉ. रवि शेखावत के नेतृत्व में की गई।

खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा गठित दो विशेष दलों ने 10 मई की देर रात तक विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान दूध संग्रहकर्ता शंकर जाट निवासी सिंगोद खुर्द तथा विजेंद्र कुमार यादव निवासी गोविंदगढ़, चौमूं के यहां से जांच के लिए दूध के नमूने लिए गए।

कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने संग्रहकर्ताओं के यहां संकलित दूध के स्रोतों की भी पहचान की, ताकि मिलावटी दूध के नेटवर्क तक पहुंच बनाई जा सके। निरीक्षण में कमियां पाए जाने पर विजेंद्र कुमार यादव को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नोटिस जारी किया गया।

विभाग के अनुसार मिलावटी दूध के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए चार विशेष खाद्य सुरक्षा दलों का गठन किया गया है। ये दल दूध उत्पादकों, संग्रहकर्ताओं और विक्रेताओं की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखेंगे तथा संदिग्ध मामलों में त्वरित कार्रवाई करेंगे।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कठोर कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here