जयपुर। भांकरोटा थाना पुलिस ने 40 लाख रुपए की फिरौती के लिए अपहरण की वारदात का 24 घंटे से पहले खुलासा करते हुए महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 48 वर्षीय पोखर चंद खटीक को आरोपियों के कब्जे से सकुशल मुक्त कराया। आरोपियों के कब्जे से एक रिवॉल्वर, छह जिंदा कारतूस और दो खाली केस बरामद किए गए हैं। वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण के अनुसार 16 अगस्त को पोखर चंद के बेटे ऋत्विज ने रिपोर्ट दी कि उसके पिता जयसिंहपुरा भांकरोटा स्थित श्री श्याम ऑटो गैरेज में स्कॉर्पियो ठीक करवा रहे थे। इसी दौरान सुमन यादव और उसके साथ आए तीन-चार लोगों ने बिना नंबर की स्कॉर्पियो में उनका जबरन अपहरण कर लिया। आरोपियों ने पोखर चंद के मोबाइल से उसके बेटे को फोन करवाकर 40 लाख रुपए की फिरौती मांगी और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी।
सूचना मिलते ही पुलिस ने तकनीकी सहायता, सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर तलाश शुरू की। जांच में अपहृत और आरोपियों की लोकेशन करणी विहार क्षेत्र में मिली। पुलिस टीम मोहित कॉटेज, रजनी विहार पहुंची और पोखरचंद को आरोपियों के कब्जे से मुक्त कराया। मौके से सुमन यादव, बाउंसर विष्णु गुर्जर और मोनू गुर्जर को गिरफ्तार किया गया। विष्णु गुर्जर से रिवॉल्वर, छह जिंदा कारतूस और दो खाली केस बरामद हुए।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि सुमन यादव पोखरचंद को जानती थी। उसने अपहरण कर बड़ी रकम वसूलने के लिए विष्णु गुर्जर के जरिए चार बाउंसरों को 50 हजार रुपए की सुपारी दी थी। इसके बाद सुमन बिना नंबर की स्कॉर्पियो लेकर बाउंसरों के साथ सर्विस सेंटर पहुंची और पोखर चंद को जबरन गाड़ी में बैठाकर ले गई।
अपहरण के बाद पीड़ित के मोबाइल से सिम निकाल दी गई। सुमन ने अपने फोन का वाई-फाई पीड़ित के मोबाइल से जोड़कर उसके बेटे ऋत्विज को वाट्सऐप कॉल की और 40 लाख रुपए की फिरौती मांगी। बेटे के चित्तौड़गढ़ से जयपुर पहुंचने में समय लगने पर आरोपी पोखर चंद को मुहाना, मानसरोवर, श्याम नगर और करणी विहार क्षेत्र में घुमाते रहे। बाद में उसे रजनी विहार स्थित सुमन के मकान पर ले गए।
फिरौती की रकम मिलने में देरी होने पर आरोपियों ने पोखरचंद को रिवाल्वर दिखाकर धमकाया और मारपीट की। इसी दौरान उसके बेटे ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर अपहृत को सुरक्षित छुड़ा लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुमन यादव (41), निवासी महेंद्रगढ़ हरियाणा, हाल रजनी विहार; विष्णु गुर्जर (22), निवासी करौली, हाल रजनी विहार और मोनू गुर्जर (21), निवासी भरतपुर, हाल रजनी विहार के रूप में हुई है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश और अनुसंधान जारी है।



















