शराब के ठेकों और दुकानों में नकबजनी करने वाले तीन शातिर गिरफ्तार

0
35
Three Cunning Burglars Targeting Liquor Shops and Outlets Arrested
Three Cunning Burglars Targeting Liquor Shops and Outlets Arrested

जयपुर। गलता गेट थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शराब के ठेकों और दुकानों में नकबजनी करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद की है। आरोपित जयपुर शहर में पिछले डेढ़ माह के दौरान करीब दो दर्जन वारदातों को अंजाम देना स्वीकार कर चुके हैं। फिलहाल आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर करण शर्मा ने बताया कि गलता गेट थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शराब के ठेकों और दुकानों में नकबजनी सहित सूअर चोरी करने वाले महेंद्र कुमार निवासी मालपुरा गेट जयपुर, समय सिंह उर्फ सन्नी गुर्जर निवासी दौसा और बादल निवासी जवाहर नगर को गिरफ्तार किया है।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पहले दुपहिया वाहन चोरी करते थे और उन पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर वारदात करते थे। दिन में शराब के ठेकों और अन्य दुकानों की रेकी कर रात 2 बजे से 4 बजे के बीच ताला और शटर तोड़कर चोरी करते थे। गिरोह घरों और बस्तियों से सुअर चोरी की वारदातों में भी शामिल रहा है।

आरोपियों के खिलाफ जयपुर और अलवर जिले के विभिन्न थानों में चोरी, नकबजनी और लूट के कई मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस जांच में आरोपियों ने सोडाला, प्रतापनगर, मालवीय नगर, जवाहर नगर, आमेर, गोनेर और सांगानेर समेत कई इलाकों में शराब के ठेकों, किराना दुकानों और अन्य स्थानों पर चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया है। पुलिस अब आरोपियों से अन्य वारदातों और चोरी के माल की बरामदगी को लेकर पूछताछ कर रही है।

गलता गेट थानाधिकारी धर्म सिंह ने बताया कि पुलिस के अनुसार 2 मई 2026 को ऑटो मोबाइल नगर स्थित शराब के ठेके का ताला तोड़कर 15 हजार रुपए नकद, शराब की बोतलें और ईयरबड्स चोरी किए गए थे। इस मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आसपास और शहरभर के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर की सूचना पर आरोपियों को दबोचा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here