जयपुर। मालपुरा गेट थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सील किए गए गोदाम में चोरी करने वाले तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर चोरी गया सामान बरामद किया है। आरोपियों के कब्जे से एल्यूमिनियम, कॉपर, पीतल, लोहे का स्क्रैप और मशीनों सहित लाखों रुपए का माल बरामद किया गया। फिलहाल आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व रंजीता शर्मा ने बताया कि मालपुरा गेट थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सील किए गए गोदाम में चोरी करने वाले तीन शातिर चोर पवन उर्फ पोंड्या (24), अभिषेक वर्मा (20) और विजय बैरवा (21) को गिरफ्तार किया है।
मालपुरा गेट थाना प्रभारी उदयभान यादव ने बताया कि मामले में परिवादी अमनदीप ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी फर्म का गोदाम सांगासेतु पुलिया के पास शिकारपुरा रोड पर स्थित है, जिसे नगर निगम द्वारा यूडी टैक्स जमा नहीं होने के कारण सील कर दिया गया था।
गोदाम में करीब ढाई लाख रुपए मूल्य का एल्यूमिनियम, कॉपर, पीतल, लोहे का स्क्रैप, वेल्डिंग मशीन, कटर मशीन और ग्राइंडर आदि सामान रखा हुआ था। 14 मई 2026 की रात अज्ञात चोर गोदाम से सामान चोरी कर ले गए। इस पर मालपुरा गेट थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और पूर्व में चोरी के मामलों में शामिल बदमाशों से पूछताछ की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी पवन उर्फ पोंड्या, अभिषेक वर्मा और विजय बैरवा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी गया अधिकांश सामान बरामद कर लिया गया है।



















