जयपुर/बीकानेर। बीकानेर जिले के नोखा कस्बे में गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हो गए। हादसा नागौर रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के पास हुआ, जहां श्रीनाथजी के दर्शन कर लौट रही टेंपो ट्रैवलर की सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
नोखा थानाधिकारी अरविन्द भारद्वाज ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, बाद में पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारू करवाया।
पुलिस के अनुसार टेंपो ट्रैवलर नागौर की ओर से बीकानेर लौट रही थी, जबकि ट्रक बीकानेर से नागौर जा रहा था। पेट्रोल पंप के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टेंपो ट्रैवलर में सवार यात्री धार्मिक यात्रा पर श्रीनाथजी के दर्शन कर लौट रहे थे।
हादसे में टेंपो ट्रैवलर चालक मोहम्मद आरिफ सहित दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने तीनों शवों को नोखा सीएचसी की मोर्चरी में रखवाया है। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया।
इस दुर्घटना में घायल 13 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत होने पर पीबीएम अस्पताल रेफर किया गया। घायलों में आशीष पुत्र मोहनलाल, सोनी, तनुश्री, हिमाशी, भारती पत्नी प्रकाश, बजरंगलाल, मितांशु, रितिका, जीविका, मयंक, संतोष, मीनाक्षी और निधि शामिल हैं। सभी घायल बीकानेर निवासी बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर को हादसे का कारण माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


















