पुलिस ने दबोचा शातिर वाहन चोर गिरोह

0
17

जयपुर। सिंधी कैंप थाना पुलिस ने वाहन चोरी की बढ़ती वारदातों पर कार्रवाई करते हुए शातिर वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चार बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई दुपहिया वाहन (मोटरसाइकिल) बरामद की है। पकड़े गए आरोपियों का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है। फिलहाल आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि सिंधीकैंप थाना पुलिस ने दुपहिया वाहन चुराने वाले शातिर वाहन चोर मुख्य आरोपी आकाश सैन (29) निवासी नंदपुरी स्वेज फार्म, विनोद उर्फ सांवरा मेहरा (26) निवासी सुशीलपुरा, विशाल राय (23) निवासी जमुना नगर विस्तार तथा मोनू चौहान (22) निवासी जमुना नगर को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर एक चोरी की बाइक बरामद की है।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी आदतन अपराधी हैं। विनोद उर्फ सांवरा के खिलाफ चोरी, आर्म्स एक्ट, आगजनी, मारपीट और नकबजनी सहित आठ मुकदमे दर्ज हैं। विशाल राय और मोनू चौहान के खिलाफ भी चोरी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट और आबकारी अधिनियम के मामले दर्ज हैं। वहीं आकाश सैन के खिलाफ भी चोरी का मामला दर्ज होना सामने आया है।

थानाधिकारी माधोसिंह ने बताया कि आरोपियों से रिमांड के दौरान गहन पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में जयपुर पश्चिम और दक्षिण क्षेत्र में हुई अन्य वाहन चोरी की वारदातों के खुलासे की संभावना है। इस कार्रवाई में हेड कांस्टेबल रामकरण सिंह, कांस्टेबल श्रवण कुमार और कांस्टेबल भागीरथ की विशेष भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here