जयपुर। राजधानी जयपुर में ट्रैफिक मार्शलों ने मंगलवार को अपनी लंबित मांगों को लेकर पुलिस कमिश्नर को ज्ञापन सौंपा। मार्शलों ने चार माह का बकाया मानदेय जारी करने, ड्यूटी पर पुनः बहाल करने तथा रोजगार सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
ज्ञापन में ट्रैफिक मार्शलों ने कहा कि वे लंबे समय से जयपुर शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए धूप, गर्मी, बारिश सहित विपरीत परिस्थितियों में भी पूरी निष्ठा से सेवाएं देते रहे हैं। इसके बावजूद पिछले चार माह से मानदेय का भुगतान नहीं होने और कई ट्रैफिक मार्शलों को बिना कारण ड्यूटी से हटाए जाने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
मार्शलों ने मांग की कि हटाए गए सभी ट्रैफिक मार्शलों को तत्काल प्रभाव से पुनः बहाल किया जाए। साथ ही समय पर मानदेय का भुगतान सुनिश्चित किया जाए, दिल्ली और मुंबई की तर्ज पर उचित वेतन एवं सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, नियमितीकरण की स्पष्ट नीति बनाई जाए तथा बीमा सुविधा, पहचान पत्र और निर्धारित ड्रेस कोड उपलब्ध कराया जाए।
इस दौरान कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास भी मौके पर पहुंचे और ट्रैफिक मार्शलों की मांगों का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक मार्शलों की नियुक्ति भारतीय जनता पार्टी की सरकार के कार्यकाल में हुई थी, लेकिन अब उसी सरकार ने उन्हें हटाने का काम किया है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ट्रैफिक मार्शलों की मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो वे उनके साथ सड़क से लेकर न्यायालय तक हर स्तर पर लड़ाई लड़ेंगे। ट्रैफिक मार्शलों ने भी चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन को और तेज करने के लिए मजबूर होंगे।



















