आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की सहायता कर नगर निगम ने कराया अंतिम संस्कार

0
36

जयपुर। नगर निगम जयपुर के किशनपोल जोन ने मानवता एवं सामाजिक सरोकार का परिचय देते हुए आर्थिक रूप से कमजोर एवं असहाय परिवार की सहायता कर मृतक का विधि-विधान से अंतिम संस्कार कराया।

नगर निगम को मंगलवार प्रातः एक नागरिक द्वारा सूचना प्राप्त हुई कि रामगंज बाजार क्षेत्र स्थित एक मकान में 56 वर्षीय व्यक्ति का निधन हो गया है। मृतक की 85 वर्षीय वृद्ध माता के अतिरिक्त परिवार में कोई निकट संबंधी नहीं होने तथा आर्थिक स्थिति अत्यंत कमजोर होने के कारण अंतिम संस्कार कराया जाना संभव नहीं था।

सूचना मिलते ही किशनपोल जोन के अधिकारियों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। आवश्यक पुलिस प्रक्रिया पूर्ण कराने के उपरांत नगर निगम की गैराज शाखा से वाहन उपलब्ध कराया गया तथा हिन्दू रीति-रिवाज एवं विधि-विधान के अनुसार आदर्श नगर श्मशान में मृतक का सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार कराया गया।

उपायुक्त किशनपोल जोन पवन मीणा ने बताया कि प्रशासन का उद्देश्य केवल नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि आवश्यकता की घड़ी में मानवता के आधार पर हर संभव सहयोग प्रदान करना भी है। इसी भावना के तहत वृद्ध माता के लिए आगामी दिनों के भोजन हेतु राशन की व्यवस्था भी कराई गई।

नगर निगम जयपुर नागरिकों के प्रति अपनी सामाजिक एवं मानवीय जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए सदैव प्रतिबद्ध है तथा जरूरतमंदों को समय पर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here