ज्वेलरी शॉप पर कस्टमर बनकर आए महिला-किन्नर ने चुराई सोने की अंगूठी-टॉप्स

0
22

जयपुर। बजाज नगर थाना इलाके में ज्वेलरी शॉप पर कस्टमर बनकर आई एक महिला और किन्नर सोने की अंगूठी व टॉप्स चोरी कर ले गए। दोनों ने ज्वेलर को बातों में उलझाए रखा और गहने छिपाकर दुकान से निकल गए। पीड़ित ज्वेलर की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

एएसआई उम्मेद सिंह ने बताया कि जवाहर सर्किल के सिद्धार्थ नगर निवासी रामरज गोयल (60) की बजाज नगर स्थित प्रगति पथ पर सूर्या ज्वेलर्स नाम से दुकान है। दोपहर करीब 2 बजे एक महिला और किन्नर ग्राहक बनकर दुकान पर पहुंचे। दोनों ने सोने के टॉप्स और अंगूठियां दिखाने को कहा। गहने दिखाने के दौरान दोनों काफी देर तक डिजाइन पसंद करने का नाटक करते रहे।

इसी दौरान ज्वेलर को बातों में उलझाकर दोनों ने सोने के एक जोड़ी टॉप्स और एक अंगूठी छिपा ली। इसके बाद डिजाइन पसंद नहीं आने की बात कहकर दोनों दुकान से चले गए। उनके जाने के बाद ज्वेलर ने गहने समेटे तो अंगूठी और टॉप्स गायब मिले।

आसपास तलाश करने के बावजूद दोनों का पता नहीं चला। पुलिस ने मामला दर्ज कर वारदात स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस महिला और किन्नर की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here