जयपुर। संगठित अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ जयपुर दक्षिण पुलिस ने एक दिवसीय ‘एरिया डोमिनेशन’ अभियान चलाकर 111 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में 19 नए आपराधिक मामले भी दर्ज किए।
डीसीपी राजर्षि राज ने बताया कि इस अभियान में 25 वांछित आरोपी, 54 को बीएनएसएस की धारा 170 के तहत, 12 स्थायी वारंटी, 20 गिरफ्तारी वारंटी सहित 111 आरोपी पकड़े गए। दर्ज 19 मामलों में आबकारी अधिनियम के 12, आर्म्स एक्ट के 4, एनडीपीएस एक्ट के 1 और आरपीजीओ के 1 मामले शामिल हैं।
ज्योति नगर थाना पुलिस ने रूडाराम (38) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 3.54 ग्राम स्मैक बरामद की। वहीं आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई में एक देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस और दो चाकू बरामद किए गए। इस मामले में धर्मेन्द्र उर्फ टाईगर, शाहरूख, कानाराम और कन्हैया लाल को गिरफ्तार किया गया।
अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई में 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें कृष्णा केवट, कालुराम बावरिया, श्रसाल बावरिया, अब्दुल वहीद, लक्ष्मी देवी, चंद्रकला देवी, हेमराज, अंकित, पवन कुमार बिलोनिया, सुनील सांसी, पूजा सांसी और राधेश्याम शामिल हैं। डीसीपी राजर्षि राज ने कहा कि संगठित अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।



















