नाबालिग बच्चियों से अश्लील हरकत करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

0
43
Two Accused Arrested for Committing Obscene Acts Against Minor Girls
Two Accused Arrested for Committing Obscene Acts Against Minor Girls

जयपुर। श्यामनगर थाना पुलिस ने पोक्सो एक्ट के तहत दर्ज दो अलग-अलग मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी नाबालिग बच्चियों के साथ अश्लील हरकतें करने, छेड़छाड़ करने और अश्लील वीडियो दिखाने के मामलों में शामिल थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भिजवा दिया।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में पीयूष कैरों ने नाबालिग बालिका को डरा-धमकाकर उसके घर से सोने के कीमती गहने मंगवा लिए थे। बाद में आरोपी ने उन गहनों को बाजार में बेच दिया। पुलिस के अनुसार पीड़ित बच्चियों के परिजनों ने श्याम नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

पहले मामले में 9 अप्रैल 2026 को प्रकरण संख्या 154/2026 दर्ज किया गया। इसमें भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 75(2), 308(2) तथा पोक्सो एक्ट की धारा 7 और 8 के तहत मामला दर्ज किया गया।

दूसरे मामले में 22 मई 2026 को प्रकरण संख्या 246/2026 दर्ज हुआ। इसमें बीएनएस की धारा 79, 75(3), पोक्सो एक्ट की धारा 11 और 12 तथा आईटी एक्ट की धारा 67-बी के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

वहीं मामलों की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) ललित किशोर शर्मा के निर्देशन तथा सहायक पुलिस आयुक्त (सोडाला) सुनील प्रसाद शर्मा के सुपरविजन में विशेष टीम गठित की गई।

श्यामनगर थानाधिकारी दलबीर सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने घटनास्थल का वैज्ञानिक और तकनीकी विश्लेषण किया। आधुनिक तकनीकी संसाधनों और पारंपरिक पुलिसिंग के संयोजन से दोनों आरोपियों का सुराग लगाकर चन्द्रशेखर स्वामी (31) निवासी अलवर हाल निवासी अशोकपुरा सोडाला जयपुर और पीयूष कैरों (21) निवासी रींगस,जिला सीकर को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपियों से अन्य मामलों में संलिप्तता और चोरी के गहने खरीदने वालों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here