जयपुर। आईपीएल क्रिकेट मैचों के दौरान सक्रिय ऑनलाइन सट्टा गिरोहों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चौमूं थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लाखों रुपये के ऑनलाइन सट्टे का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेले गए एलिमिनेटर टी-20 मैच पर सट्टा लगाते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 08 मोबाइल फोन, 01 लैपटॉप, 01 आईपैड, 01 टैबलेट, माइक, ब्लूटूथ स्पीकर सहित सट्टे के संचालन में प्रयुक्त कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि चौमूं पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर टारगेट स्कूल के पास स्थित एक मकान पर दबिश देकर आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा। जांच में सामने आया कि आरोपी एक जानकार के मकान में छिपकर हाईटेक तरीके से सट्टा संचालन कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार आरोपी जूम एप के जरिए ग्राहकों को जोड़कर उन्हें आईडी और पासवर्ड उपलब्ध कराते थे तथा मैच की हर गेंद, ओवर और सेशन पर सट्टा लगवाते थे। सट्टे की रकम का लेनदेन बैंक खातों और नकद माध्यम से किया जा रहा था।
जिस पर पुलिस ने मक्खन लाल सैनी (42) निवासी चौमूं और सुरेन्द्र सैनी (40) निवासी सीकर को गिरफ्तार किया। वहीं इस नेटवर्क से जुड़े बनवारी लाल मीणा (उदयपुरिया) और महेश सैनी (सीकर) फरार बताए गए हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस ने मौके से 08 मोबाइल फोन, 01 लैपटॉप, 01 आईपैड, 01 टैबलेट, माइक, ब्लूटूथ स्पीकर सहित सट्टे के संचालन में प्रयुक्त कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 तथा आईटी एक्ट और राजस्थान गैंबलिंग ऑर्डिनेंस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब बैंक खातों और डिजिटल ट्रांजेक्शन की जांच कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।



















