जयपुर। करणी विहार थाना पुलिस ने लूट की वारदात का खुलासा करते हुए दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जो शराब पार्टी और अय्याशी के लिए लूट की घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस फिलहाल दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है, जबकि उनके फरार साथियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
डीसीपी (पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में संजय (34) निवासी फुलेरा, जयपुर ग्रामीण (हाल निवासी गांव झांई सेज) और हेमंत पाठक (23) निवासी महापुरा, भांकरोटा शामिल हैं। आरोपी हेमंत पाठक पूर्व में चोरी व नकबजनी के मामलों में भी चालान शुदा है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर लूट की वारदात करते थे। इसके लिए वे कार में एक महिला-मित्र को आगे की सीट पर बैठाकर घूमते थे, ताकि किसी को शक न हो। बस-टैक्सी का इंतजार कर रहे लोगों को निशाना बनाते और उनकी बताई जगह पर जाने का झांसा देकर लिफ्ट के बहाने कार में बैठा लेते थे।
इसके बाद रास्ते में चलती कार में पीछे बैठे साथी पीड़ित के साथ मारपीट करते और उसे डराकर-धमकाकर मोबाइल व अन्य सामान छीन लेते। साथ ही ऑनलाइन पेमेंट ऐप के जरिए भी रुपए ट्रांसफर कर लूट लेते थे।
इस मामले में डीडवाना-कुचामन निवासी प्रभु राम ने 9 अप्रैल को थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि दोपहर करीब 1:40 बजे वह जयपुर से ब्यावर जाने के लिए अजमेर बाईपास पर खड़ा था। इसी दौरान दिल्ली रोड की ओर से आई एक कार रुकी, जिसमें चालक के पास वाली सीट पर एक महिला बैठी थी। बदमाशों ने ब्यावर जाने का कहकर उसे कार में बैठा लिया।
कुछ दूरी तय करने के बाद पीछे बैठे दो बदमाशों ने उसे बीच में बैठाकर मारपीट की और धमकाते हुए ऑनलाइन पेमेंट ऐप के जरिए करीब 1.50 लाख रुपए ट्रांसफर करवा लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश उसे चलती कार से फेंककर फरार हो गए। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच जारी है।



















