जयपुर। बनीपार्क थाना पुलिस ने सूने मकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में नकबजनी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए पांच लैपटॉप बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे, जबकि गिरोह का तीसरा सदस्य अभी फरार है।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि बनीपार्क थाना पुलिस ने सूने मकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में नकबजनी करने वाले अमन रेगर उर्फ नक्चया (25) निवासी तोपखाने का रास्ता, चांदपोल और हितेश कुमार (30) निवासी तोपखाने का रास्ता चांदपोल हाल डीसीएम, अजमेर रोड को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए सभी पांच लैपटॉप बरामद किए है। वहीं इस वारदात में शामिल तीसरे आरोपी शुभम उर्फ चिन्नू की तलाश जारी है।
पूछताछ में सामने आया कि वे स्मैक सहित अन्य नशे के आदी हैं। नशे के लिए पैसे जुटाने की खातिर दिन में सूने मकानों, दुकानों और कार्यालयों की रेकी करते थे और रात में ताले तोड़कर चोरी करते थे। चोरी का सामान वे औने-पौने दामों में बेचकर रकम नशे और अन्य खर्चों में उड़ा देते थे। पुलिस आरोपियों से शहर में हुई अन्य नकबजनी की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
इस कार्रवाई करने वाली टीम में थानाधिकारी मनोज कुमार बेरवाल, सहायक उपनिरीक्षक भंवरलाल, कांस्टेबल जग्गावर सिंह, श्यामलाल, गोगराज, शंकर, देवेन्द्र, कांस्टेबल महिपाल तथा तकनीकी शाखा के कांस्टेबल सुनील कुमार शामिल रहे।



















