एक करोड़ की चरस सहित नेपाल के दो अंतरराष्ट्रीय तस्कर गिरफ्तार

0
35

जयपुर। राजस्थान एटीएस ने नशे के सौदागरों के विरुद्ध अंतरराष्ट्रीय कार्रवाई को अंजाम देते हुए नेपाल के दो कुख्यात तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 2 किलो 65 ग्राम उच्च गुणवत्ता वाली चरस बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एटीएस,एजीटीएफ और एएनटीएफ दिनेश एमएन ने बताया कि एटीएस टीम की सोशल मीडिया प्रभारी पुलिस निरीक्षक निशा चांवरिया और अजमेर यूनिट के एएसआई मोहम्मद रफीक और उनकी टीम के कांस्टेबल अब्दुल मजीद व राजेंद्र को इनपुट मिला था कि अंतरराष्ट्रीय तस्कर नेपाल से चरस की बड़ी खेप लेकर पुष्कर में सप्लाई करने आ रहे हैं।

इस पर सोशल मीडिया शाखा प्रभारी निशा चॉवरिया और अजमेर एटीएस के एएसआई मोहम्मद रफीक की टीम ने संदिग्धों पर तकनीकी निगरानी रखी और रातभर उनका पीछा किया। साथ ही तस्करों की लोकेशन ट्रैक करते हुए एटीएस ने अजमेर जिला पुलिस के साथ समन्वय स्थापित किया। जैसे ही तस्कर डिलीवरी देने के लिए घूघरा घाटी में एमडीएस यूनिवर्सिटी के पास पहुंचे, पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें धर दबोचा।

पकड़े गए तस्करों की पहचान खेमकुमार (40) निवासी मंगलापुर जिला रूपनदेही, नेपाल और अजय राना (32) निवासी जिला पाल्पा नेपाल के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपितों ने खुलासा किया कि वे यह माल नेपाल से लेकर आए थे। उन्होंने पहले दिल्ली में एक खेप डिलीवर की और फिर बाकी माल पुष्कर में सप्लाई करने आए थे। आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पूर्व में भी महाराष्ट्र और देश के अन्य राज्यों में चरस की सप्लाई कर चुके हैं।

वहीं कार्रवाई में एटीएस यूनिट अजमेर से पुलिस निरीक्षक निशा चावरिया, सहायक उपनिरीक्षक मो. रफीक, सहायक उपनिरीक्षक हनुमान सिंह, कांस्टेबल अब्दुल मजिद, हैड कांस्टेबल जगदीश राम, कांस्टेबल हनुमान सिंह, राजेन्द्र कुमार, अभिषेक चारण, नानू सिंह, चालक कांस्टेबल सुदेश कुमार,राकेश कुमार, विकम एवं दुर्गेश शामिल रहे।

वहीं थाना सिविल लाइंस अजमेर से पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी शम्भू सिंह, उपनिरीक्षक गिरीराज कुमार, हैड कांस्टेबल जगदीश कुमार, कांस्टेबल सौदान, रामावतार, आरटी कांस्टेबल पुष्पेन्द्र,अजीज एवं चालक कांस्टेबल रमेश चन्द ने कार्रवाई में भाग लिया। इस पूरी कार्यवाही में एटीएस अजमेर यूनिट के अब्दुल मजिद कांस्टेबल और राजेन्द्र कुमार कांस्टेबल की विशेष सराहनीय भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here