अवैध देशी पिस्टल के साथ शातिर मोनू बैरवा गिरफ्तार

0
31

जयपुर। राजधानी जयपुर में संगठित अपराध, गैंगवार और अवैध हथियारों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जयपुर दक्षिण जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने मानसरोवर थाना इलाके में मुस्तैदी दिखाते हुए एक शातिर बदमाश को अवैध देशी पिस्टल के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस उपायुक्त (जयपुर दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि शहर में संगीन एवं गंभीर अपराधियों की धरपकड़, संगठित अपराध में लिप्त बदमाशों पर नकेल कसने और अवैध हथियारों की तस्करी रोकने के लिए विशेष निर्देश दिए गए हैं।

इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (जयपुर दक्षिण) ललित कुमार शर्मा के निर्देशन तथा सहायक पुलिस आयुक्त (मानसरोवर) आदित्य कांकडे के सुपरविजन में एक विशेष रणनीति तैयार की गई। जहां हथियारों के साथ घूमने वाले संदिग्धों पर सतत निगरानी और सटीक आसूचना संकलन (इंटेलिजेंस) के लिए डीएसटी जयपुर दक्षिण के प्रभारी विशम्बर दयाल के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया था। टीम को सूचना मिली कि मानसरोवर इलाके में एक युवक अवैध हथियार लेकर किसी वारदात की फिराक में घूम रहा है।

सटीक सूचना पर डीएसटी ने घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को दस्तयाब किया। मौके पर जब उसकी तलाशी ली गई तो उसके पास से 01 अवैध देशी पिस्टल बरामद हुई। पुलिस ने बिना लाइसेंस और अवैध रूप से हथियार रखने के आरोप में मोनू बैरवा (22) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से सवाई माधोपुर जिले के बामनवास थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम रेवली का रहने वाला है।

पुलिस अब आरोपी मोनू बैरवा से कड़ाई से पूछताछ कर रही है कि वह यह देशी पिस्टल जयपुर में किससे खरीदकर लाया था और इसका उपयोग किस वारदात को अंजाम देने के लिए किया जाना था। पुलिस को अंदेशा है कि इससे जुड़े नेटवर्क से अवैध हथियारों की तस्करी के कुछ और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here