ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझी: प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या करने वाले पति-पत्नी गिरफ्तार

0
29

जयपुर/अजमेर/किशनगढ़। जिला पुलिस ने कानून व्यवस्था और त्वरित कार्रवाई की मिसाल पेश करते हुए एक सनसनीखेज अंधे कत्ल (ब्लाइंड मर्डर) का पर्दाफाश किया है। अजमेर जिले की गांधीनगर थाना पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और मजबूत मुखबिर तंत्र की मदद से मर्डर का मुकदमा दर्ज होने के कुछ घंटे के भीतर ही हत्यारे पति-पत्नी को सलाखों के पीछे पहुँचा दिया है। प्रेम प्रसंग के चलते इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया गया था, जिसके बाद साक्ष्य मिटाने के लिए शव को ठिकाने लगा दिया गया।

अजमेर जिला पुलिस अधीक्षक हर्ष वर्धन अग्रवाला के अनुसार मृतक प्रदीप का आरोपी जगदीश बावरी की पत्नी सुरज्ञान उर्फ डालकी के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी बात को लेकर आरोपी पति जगदीश बावरी मृतक प्रदीप से बेहद नाराज था और उसे रास्ते से हटाने की फिराक में था। योजना के मुताबिक, जब प्रदीप का सामना आरोपियों से हुआ, तो विवाद बढ़ गया।

इस दौरान प्रदीप द्वारा शोर मचाने पर आरोपी जगदीश ने बेरहमी से उसका गला दबा दिया, जिससे दम घुटने के कारण प्रदीप की मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या की इस खौफनाक वारदात के बाद आरोपी जगदीश बावरी और उसकी पत्नी सुरज्ञान उर्फ डालकी घबरा गए। उन्होंने कानूनी कार्रवाई और पुलिस से बचने की नीयत से साक्ष्य छिपाने (सबूत मिटाने) का प्रयास किया और मृतक प्रदीप के शव को गुपचुप तरीके से ठिकाने लगा दिया।

ब्लाइंड मर्डर की गंभीरता को देखते हुए अजमेर जिला पुलिस अधीक्षक हर्ष वर्धन अग्रवाला ने तुरंत आरोपियों की धरपकड़ के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री दीपक शर्मा, सहायक पुलिस अधीक्षक अजेय सिंह राठौड़ और वृत्ताधिकारी (वृत्त किशनगढ़ ग्रामीण) आयुष वशिष्ठ के निकट सुपरविजन में एक बड़ी संयुक्त टीम का गठन किया गया।

इस मेगा टीम में गांधीनगर थानाधिकारी संजय शर्मा (पु.नि.), अपराध सहायक श्रीमती कुसुमलता मीणा (पु.नि.), नसीराबाद सदर थानाधिकारी अशोक बिशु (पु.नि.), रूपनगढ़ थानाधिकारी रामस्वरूप चौधरी (पु.नि.), बांदरसिन्दरी थानाधिकारी दयाराम चौधरी (पु.नि.), किशनगढ़ थानाधिकारी बन्नालाल जाट (पु.नि.) सहित जिला साइबर सेल और जिला विशेष टीम अजमेर को शामिल किया गया।

टीम ने लगातार फील्ड वर्क और तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए वारदात के महज कुछ घंटों में जगदीश बावरी और सुरज्ञान उर्फ डलकी निवासी गांधीनगर जिला अजमेर को गिरफ्तार किया है। उनके पास से घटना से जुड़े अन्य साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here