जयपुर। जयपुर ग्रामीण पुलिस के ‘ऑपरेशन एंटी वेनम’ अभियान के तहत फुलेरा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो ड्रग्स तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1 किलो 620 ग्राम अवैध गीली अफीम बरामद की है। जयपुर ग्रामीण एसपी हनुमान प्रसाद ने बताया कि रेंज आईजी राहुल प्रकाश के निर्देशानुसार 1 से 30 अप्रैल तक नशा तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में शुक्रवार रात करीब 11 बजे थानाधिकारी राजेन्द्र कुमार मय टीम गांधी चौक पर गश्त कर रहे थे। इस दौरान सामने से आ रहे दो युवक पुलिस को देखकर घबरा गए और वापस भागने लगे। संदेह होने पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को डिटेन कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी सूरज गिरी गोस्वामी के बैग से 883 ग्राम और कैलाश चन्द की प्लास्टिक थैली से 737 ग्राम गीली अफीम बरामद हुई। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपनी पहचान सूरज गिरी गोस्वामी (22) और कैलाश चन्द (24) निवासी गंगरार, जिला चित्तौड़गढ़ के रूप में बताई।
फिलहाल आरोपियों से पूछताछ कर नशा तस्करी के नेटवर्क और सप्लाई चेन के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। इस कार्रवाई में थानाधिकारी राजेन्द्र कुमार के नेतृत्व में कांस्टेबल सरदार सिंह, रवि कुमार तथा दूदू पुलिस के कांस्टेबल नरेश, कुलदीप और सरदार की विशेष भूमिका रही।



















