अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो आज जयपुर दौरे पर

0
39

जयपुर। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो सोमवार को परिवार सहित जयपुर दौरे पर रहेंगे। अपने दौरे के दौरान वे आमेर महल और सिटी पैलेस का भ्रमण करेंगे। वीवीआईपी दौरे को देखते हुए आमेर महल को सोमवार दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक पर्यटकों के लिए बंद रखा जाएगा। सूत्रों के अनुसार मार्को रूबियो के हाथी गांव जाने की भी संभावना है। इसे लेकर वहां भी विशेष तैयारियां की जा रही हैं।

जलेब चौक में होगा पारंपरिक स्वागत

आमेर महल के जलेब चौक में अमेरिकी विदेश मंत्री का पारंपरिक राजस्थानी अंदाज में स्वागत किया जाएगा। इस दौरान लोक कलाकार घूमर, कालबेलिया और कच्ची घोड़ी नृत्य की प्रस्तुतियां देंगे। साथ ही कठपुतली कलाकार भी राजस्थान की लोक संस्कृति का प्रदर्शन करेंगे। राजस्थान की उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी उनकी अगवानी करेंगी।

रामबाग पैलेस में ठहरेंगे रूबियो

जानकारी के अनुसार मार्को रूबियो सोमवार दोपहर करीब 2 बजे जयपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वे शहर के प्रसिद्ध हेरिटेज होटल रामबाग पैलेस में ठहरेंगे। होटल में भी विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। वे मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

हाथी गांव में भी विशेष तैयारियां

सूत्रों के मुताबिक हाथी गांव में विदेशी मेहमान के स्वागत की तैयारी की जा रही है। यहां तालाब के पास हाथियों को रखा जाएगा और उन्हें हाथियों को खाना खिलाने का अनुभव भी कराया जा सकता है। हाथी गांव विकास समिति के पदाधिकारियों के अनुसार, रूबियो को राजस्थान में हाथियों के संरक्षण और उनकी देखभाल से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी भी दी जाएगी।

24 थाना क्षेत्रों में ड्रोन उड़ाने पर रोक

वहीं इस दौरे को देखते हुए जयपुर पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर 25 और 26 मई को 24 थाना क्षेत्रों में ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध लगा दिया है। जहां अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर योगेश दाधीच द्वारा जारी आदेश के अनुसार सांगानेर, एयरपोर्ट, जवाहर सर्किल, मालवीय नगर, बजाज नगर, गांधी नगर, मोती डूंगरी, एसएमएस, जवाहर नगर, आदर्श नगर, ट्रांसपोर्ट नगर, लालकोठी, अशोक नगर, विधायकपुरी, कोतवाली, माणक चौक, नाहरगढ़ रोड, संजय सर्किल, रामगंज, गलता गेट, सुभाष चौक, ब्रह्मपुरी, जयसिंहपुरा खोर और आमेर थाना क्षेत्रों में ड्रोन संचालन प्रतिबंधित रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here